उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल विभाग की समीक्षा कर अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रशिक्षण और सहयोग देने के निर्देश दिए। खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण में भी तेजी लाने का आदेश।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल विभाग की समीक्षा बैठक में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों को दौड़ और शारीरिक प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि वे भर्ती प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने खेल विश्वविद्यालय (हल्द्वानी) और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज (लोहाघाट) के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए भी आदेश जारी किए। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और बेहतर संसाधन मिलेंगे, जिससे उत्तराखंड खेल क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने 39वें राष्ट्रीय खेलों के दृष्टिगत प्रदेश में बनी खेल संरचनाओं के नियमित रखरखाव के लिए राज्यव्यापी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का भी निर्देश दिया। उन्होंने युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर चैंपियनशिप आयोजित करने पर जोर दिया।
also read: उत्तराखंड में सदियों पुरानी राजस्व पुलिस व्यवस्था खत्म,…
धामी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समयबद्ध रूप से पुरस्कार, छात्रवृत्ति और बीमा सुरक्षा प्रदान करने का भी आश्वासन दिया। साथ ही, खेल विभाग को निजी क्षेत्र और कॉर्पोरेट जगत की भागीदारी से खेल अवसंरचना के विकास में तेजी लाने के निर्देश दिए।
खेल अकादमियों की स्थापना और अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति के कार्यों में भी तेजी लाने के आदेश मुख्यमंत्री ने दिए। बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली और निदेशक खेल आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।