DELHI NEWS : दिल्ली-एनसीआर में 7 जुलाई की सुबह मौसम ने अचानक रुख बदला और तेज बारिश के साथ लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह पांच बजे हल्की फुहारें शुरू हुईं जो जल्द ही तेज बारिश में बदल गईं। मौसम विभाग ने पहले ही आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। दक्षिणी और पूर्वी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश देखने को मिली।
आईएमडी के अनुसार, सक्रिय मानसून के चलते दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में रुक-रुककर बारिश जारी रह सकती है। इससे न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि लंबे समय से खराब श्रेणी में दर्ज की जा रही वायु गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद है। 12 जुलाई तक गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
देशभर के मौसम का हाल:
-
हिमाचल और उत्तराखंड: 7 और 8 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है, जिससे भूस्खलन और रास्ते बंद होने का खतरा है।
-
ओडिशा व छत्तीसगढ़: 7 और 8 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है, जबकि
-
मध्य प्रदेश: 7 से 10 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
-
झारखंड और पश्चिम बंगाल: 7 जुलाई को भारी बारिश और तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है।
-
उत्तर भारत: जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 7 से 10 जुलाई के बीच व्यापक बारिश का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान में भी 9 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है।
-
मध्य महाराष्ट्र और गोवा: 7 व 8 जुलाई को इन क्षेत्रों में भारी वर्षा संभावित है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत का हाल:
असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 जुलाई तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में 7 से 10 जुलाई तक बारिश हो सकती है। दक्षिणी राज्यों में तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चलने की संभावना है।
आईएमडी ने लोगों को बिजली गिरने, तेज हवाओं और जलभराव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में जहां भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने का खतरा बना हुआ है। यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें।