TNPL 2025 के क्वालिफायर 1 मुकाबले में तिरुपुर की टीम ने चेपॉक सुपर गिलीज को हराकर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत में 32 साल के बल्लेबाज शशिदेव की 26 गेंदों की तूफानी पारी ने अहम भूमिका निभाई। उनकी धमाकेदार बल्लेबाज़ी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सिर्फ IPL नहीं, TNPL में भी नजर आता है दम
तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) के इस रोमांचक मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाज़ी का नजारा देखने को मिला। तिरुपुर की तरफ से खेलते हुए शशिदेव ने 26 गेंदों पर 57 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें 3 छक्के और 6 चौके शामिल थे। उन्होंने 219 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और टीम की बड़ी पारी को मजबूती से खत्म किया। शशिदेव रनआउट हुए लेकिन तब तक उन्होंने मैच का रुख पलट दिया था।
दमदार शुरुआत का मिला दमदार अंत
तिरुपुर ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 202 रन बनाए। शुरुआत से ही टीम के बल्लेबाजों ने तेज़ गति से रन जोड़े और 12 ओवर में 121 रन बना लिए थे। इसके बाद मिडिल ऑर्डर में आए शशिदेव ने उस शुरुआत को एक बड़े स्कोर में बदलने का काम बखूबी किया।
चेपॉक सुपर गिलीज की बड़ी हार
203 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेपॉक की टीम पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई। उनके 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और पूरी टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 123 रन पर सिमट गई। तिरुपुर ने यह मुकाबला 79 रनों से जीत लिया।
छक्कों का भी बना अंतर
मैच में कुल 15 छक्के लगे, जिनमें से 10 अकेले तिरुपुर की टीम ने लगाए। पूरे मुकाबले में 325 रन बने, जिनमें से 202 रन तिरुपुर के ही थे। यानी रन हो या छक्के, हर मामले में तिरुपुर ने चेपॉक सुपर गिलीज को पूरी तरह पछाड़ दिया और शानदार अंदाज़ में फाइनल का टिकट कटा लिया।