थार महोत्सव 2025 का बाड़मेर में भव्य आगाज, रंग रेगिस्तान थीम पर आयोजित शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत। कलेक्टर टीना डाबी ने हरी झंडी दिखाकर किया उद्घाटन। राजस्थानी लोक कला, पारंपरिक खेल और प्रतियोगिताओं से सजा महोत्सव।
बाड़मेर जिले में आज थार महोत्सव 2025 की शानदार शुरुआत हुई, जिसका थीम इस बार ‘रंग रेगिस्तान’ रखा गया है। जिला मुख्यालय पर आयोजित भव्य शोभायात्रा के साथ महोत्सव का उद्घाटन हुआ, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएं, ऊंट, घोड़े और लोक कलाकारों ने राजस्थानी संस्कृति का अद्भुत प्रदर्शन किया। जिला कलेक्टर टीना डाबी ने गांधी चौक से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर इस उत्सव की औपचारिक शुरुआत की।
शोभायात्रा गांधी चौक से शुरू होकर स्टेशन रोड, अहिंसा सर्किल और नेहरू नगर ओवरब्रिज होते हुए आदर्श स्टेडियम तक पहुंची। इस दौरान पारंपरिक परिधान में सजी महिलाएं सिर पर कलश रखकर महोत्सव की शोभा बढ़ा रही थीं। ऊंट, घोड़े और ऊंटगाड़ी पर सवार लोक कलाकारों ने राजस्थानी लोकगीत और नृत्य से समूचे वातावरण को जीवंत बना दिया।
also read: एसएमएस अस्पताल अग्निकांड: अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई,…
आदर्श स्टेडियम पहुंचने पर कलेक्टर टीना डाबी ने आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं जैसे मटका दौड़, रस्साकशी आदि की शुरुआत की। महोत्सव के पहले दिन मिस थार, मिस्टर थार और सुंदर मूंछ जैसी आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। शाम 8 से 10 बजे तक राजस्थानी लोक कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जो दर्शकों का मन मोह लेंगी।
कलेक्टर टीना डाबी ने कहा कि थार महोत्सव 2025 का आयोजन जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयासों से किया जा रहा है। यह महोत्सव मरु संस्कृति का जश्न मनाने के साथ-साथ स्थानीय कला, शिल्प और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
यह महोत्सव पिछले दो वर्षों के अंतराल के बाद पुनः आयोजित हो रहा है, क्योंकि 2024 में चुनावों के कारण थार महोत्सव नहीं हो पाया था। इस बार के आयोजन ने बाड़मेर में उत्साह और उमंग का नया संचार कर दिया है।