IPL 2025 का 55वां मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हुए इस मैच में सिर्फ एक पारी का ही खेल संभव हो पाया। नतीजतन, दोनों टीमों को 1-1 अंक दिए गए और एक टीम का अभियान यहीं समाप्त हो गया।
IPL 2025 का 55वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाना था, लेकिन राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में तेज बारिश के कारण यह मैच पूरा नहीं हो सका। अंपायर्स को अंततः मैच रद्द करना पड़ा, और दोनों टीमों को 1-1 अंक देकर संतोष करना पड़ा। बारिश के चलते रद्द हुए इस मैच का असर प्लेऑफ की दौड़ पर भी पड़ा, जिससे एक टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई सनराइजर्स हैदराबाद
दिल्ली और हैदराबाद के बीच मुकाबला रद्द होने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। टीम के लिए यह मैच हर हाल में जीतना जरूरी था, लेकिन भारी बारिश के चलते मुकाबला अधूरा रह गया और केवल एक पारी ही संभव हो सकी। इससे पिछली बार की फाइनलिस्ट टीम इस बार लीग स्टेज में ही बाहर हो गई। हैदराबाद ने अब तक 11 मैचों में सिर्फ 7 अंक हासिल किए हैं और वह अंक तालिका में 8वें स्थान पर है, जिससे अब उसके लिए टॉप-4 में पहुंचना नामुमकिन हो गया है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने दिखाई शानदार गेंदबाजी
इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, जो काफी कारगर साबित हुआ। कमिंस ने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट झटका और पावरप्ले के दौरान तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 29 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स, विप्रज निगम और आशुतोष शर्मा ने टीम को संभालने की कोशिश की। विप्रज निगम ने 18 रन बनाए, जबकि आशुतोष शर्मा ने 41 रन की अहम पारी खेली। ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 41 रन बनाए, जिसकी बदौलत दिल्ली की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 133 रन तक पहुंच सकी।