संचार साथी ऐप को भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) ने सुरक्षा और फ्रॉड रोकने के लिए विकसित किया है। यह एक केंद्रीकृत मोबाइल सुरक्षा प्लेटफॉर्म है, जो विभिन्न सर्विसेज को एक ही स्थान पर इंटीग्रेट करता है। इस ऐप का मुख्य उद्देश्य खोए हुए या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करना, आईएमईआई (IMEI) नंबर के जरिए मोबाइल की असलियत जांचना और संदिग्ध कॉल्स की रिपोर्टिंग करना है। इसके अलावा, यह पुलिस को चोरी हुए फोन की तलाश करने में भी मदद करता है।
संचार साथी ऐप कैसे काम करता है?
जब यह ऐप आपके फोन पर इंस्टॉल होती है, तो यह आपके फोन के IMEI नंबर को केंद्रीय डेटाबेस CEIR (Central Equipment Identity Register) से कनेक्ट कर देती है। इस तरह, यदि आपका फोन चोरी या खो जाता है, तो आप इस ऐप के माध्यम से उसे ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट डाल सकते हैं। इसके बाद CEIR आपके IMEI नंबर को सभी नेटवर्क पर ब्लॉक कर देता है, ताकि कोई भी व्यक्ति सिम बदलकर आपके फोन का उपयोग न कर सके। इस ऐप के जरिए आप यह भी देख सकते हैं कि आपके नाम पर कितने सिम कार्ड चल रहे हैं और अगर कोई संदिग्ध कनेक्शन दिखाई दे, तो उसे रिपोर्ट कर ब्लॉक करवा सकते हैं।
सरकार का आदेश: संचार साथी ऐप को अनिवार्य बनाना
भारत सरकार ने हाल ही में सभी मोबाइल कंपनियों को निर्देश दिया है कि 90 दिनों के भीतर अपने नए स्मार्टफोन में संचार साथी ऐप को प्रीलोड करें और पुराने स्मार्टफोन पर इसे सॉफ्टवेयर अपडेट के माध्यम से इंस्टॉल करें। इसके साथ ही सरकार ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि ऐप हमेशा एक्टिव और पूरी तरह से फंक्शनल रहे।
सरकार के अनुसार, यह कदम साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने और नकली IMEI वाले उपकरणों की पहचान करने में मदद करेगा। इस कदम से टेलीकॉम रिसोर्सेज के मिसयूज को रोका जा सकेगा और फोन चोरी की घटनाओं को भी नियंत्रित किया जा सकेगा।
also read: NASA से पाएं चांद पर भेजने का मौका, फ्री में रजिस्टर करें…
संचार साथी ऐप के लिए आवश्यक परमिशन
संचार साथी ऐप को सुचारू रूप से काम करने के लिए कई डिवाइस परमिशन की जरूरत होती है:
-
कॉल और SMS लॉग: यह परमिशन फ्रॉड कॉल्स या SMS को रिपोर्ट करने में मदद करती है।
-
कॉल मैनेजमेंट: रजिस्ट्रेशन के दौरान एक्टिव मोबाइल नंबर को डिटेक्ट करने के लिए यह परमिशन उपयोग की जाती है।
-
SMS भेजना: इसे वन-टाइम रजिस्ट्रेशन के दौरान SMS भेजने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
-
फोटो और फाइल्स: चोरी हुए डिवाइस की रिपोर्ट करते समय डॉक्यूमेंट्स और स्क्रीनशॉट्स अपलोड करने के लिए यह परमिशन जरूरी होती है।
-
कैमरा: IMEI बारकोड को स्कैन करने के लिए यह परमिशन आवश्यक है।
विवाद क्यों हुआ?
सरकार के अनुसार, संचार साथी ऐप का उपयोग साइबर हमलों से सुरक्षा के लिए और फ़र्ज़ी IMEI वाले मोबाइल डिवाइसों पर रोक लगाने के लिए किया जा रहा है। लेकिन, ऐप के अनिवार्य रूप से इंस्टॉल किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर कई आलोचनाएँ सामने आईं। आलोचकों का कहना है कि ऐप के पास संवेदनशील परमिशन हैं, जिनसे सरकार उपयोगकर्ताओं की जासूसी कर सकती है, जैसे कि कॉल लॉग, लोकेशन ट्रैकिंग आदि।
कुछ यूजर्स का कहना है कि ऐप को डिलीट या डिसेबल नहीं किया जा सकता, जिससे यह उनकी निजता का उल्लंघन कर सकता है। हालांकि, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने साफ किया है कि इसे इस्तेमाल करना पूरी तरह से यूज़र की इच्छाशक्ति पर निर्भर है, और वे चाहें तो ऐप को डिलीट भी कर सकते हैं। लेकिन आलोचक सरकार के नोटिस का हवाला देते हुए दावा कर रहे हैं कि इसमें डिलीट करने की कोई बात नहीं कही गई है।
क्या यह ऐप सुरक्षित है?
हालांकि सरकार का दावा है कि यह ऐप यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाने और फोन चोरी की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए है, लेकिन इसकी अनिवार्यता को लेकर विवाद थम नहीं रहा। कई लोग इसे निजता के उल्लंघन के रूप में देख रहे हैं और यह चिंताएं बढ़ रही हैं कि सरकार इसका दुरुपयोग कर सकती है।