T20 World Cup 2026 के लिए कनाडा ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कप्तानी भारतीय मूल के क्रिकेटर दिलप्रीत बाजवा को सौंपी गई है। दिलप्रीत का जन्म भारत में हुआ था और अब वह कनाडा की कप्तानी संभाल रहे हैं।
कनाडा ने 2024 में अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप खेला था और इस बार लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही है। इस बार भी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और अमेरिकास रीजनल फाइनल जीतकर मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाई। क्वालिफायर टूर्नामेंट में कनाडा ने अपने सभी 6 मैच जीतकर टॉप पर रहते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया।
टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है। निकोलस किर्टन जैसे व्हाइट-बॉल क्रिकेट के दिग्गज शामिल हैं। वहीं, बाएं हाथ के बल्लेबाज युवराज समरा भी अपनी जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
also read: U19 World Cup 2026: वैभव सूर्यवंशी तैयार, 20वां छक्का…
कनाडा के T20 World Cup 2026 स्क्वाड
दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), अजयवीर हुंदल, अंश पटेल, दिलन हेलाइगर, हर्ष ठाकेर, जसकरनदीप बुट्टर, कलीम सना, कंवरपाल ताथगुर, नवनीत धालीवाल, निकोलस किर्टन, रविंदरपाल सिंह, साद बिन जफर, शिवम शर्मा, श्रेयस मोव्वा, युवराज समरा।
कनाडा को ग्रुप D में रखा गया है, जिसमें अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और यूएई भी शामिल हैं। कनाडा का पहला मुकाबला 9 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से होगा, जबकि दूसरा मैच 13 फरवरी को यूएई, तीसरा मैच 17 फरवरी को न्यूजीलैंड और आखिरी ग्रुप स्टेज मैच 19 फरवरी को अफगानिस्तान के खिलाफ खेला जाएगा।
इस बार टी20 वर्ल्ड कप में कनाडा की टीम की नजरें इतिहास रचने पर हैं और भारतीय मूल के कप्तान दिलप्रीत बाजवा इसे एक मजबूत शुरुआत देने की पूरी कोशिश करेंगे।