DELHI NEWS : दिल्ली के उपराज्यपाल ने सरकारी कार्यालयों के काम के समय में बदलाव का निर्देश दिया है। अब दिल्ली सरकार के कर्मचारियों की ड्यूटी सुबह 9:30 से शाम 6:00 बजे तक होगी, जबकि दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों का समय सुबह 9:00 से शाम 5:30 बजे तक तय किया गया है। छह महीने पहले प्रदूषण के कारण ड्यूटी का समय बदला गया था।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सरकारी कार्यालयों के कामकाज के समय में बदलाव किया गया है। पहले जहां दफ्तर सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलते थे, अब कर्मचारियों को सुबह 9:30 बजे तक ऑफिस पहुंचना होगा और शाम 6 बजे तक काम करना होगा। इस संबंध में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आदेश जारी कर दिए हैं।
इस आदेश में उपराज्यपाल ने दिल्ली सरकार और नगर निगम के कर्मचारियों के ड्यूटी समय में बदलाव किया है। अब दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। पहले ये कर्मचारी सुबह 9:30 बजे आते थे और शाम 5 बजे तक काम करते थे।
प्रदूषण के कारण बदला गया था समय
अब एलजी ने ड्यूटी का समय 30 मिनट पहले कर दिया है। माना जा रहा है कि यह निर्णय दिल्ली में प्रदूषण का स्तर घटने के कारण लिया गया है।करीब छह महीने पहले उस समय की दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दफ्तरों का समय बदला था।
सड़क पर ट्रैफिक कम करने के मकसद से हुआ था बदलाव
उन्होंने ऑफिस टाइम में बदलाव का कारण यह बताया था कि इससे सड़कों पर यातायात का बोझ घटेगा। इस दिशा में एमसीडी के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी सुबह 8:30 से शाम 5 बजे तक कर दी गई थी। वहीं केंद्र सरकार के कर्मचारियों का कार्य समय सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक तय किया गया था। दिल्ली सरकार के कर्मचारियों के लिए दफ्तर का समय सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक रखा गया था।