cricket world cup : ईसीबी के बोर्ड के मुख्य कार्यकारी रिचर्ड गोल्ड ने पुष्टि की है कि वर्ल्ड क्लब चैंपियनशिप टूर्नामेंट की शुरुआत संभव है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में दुनिया भर की फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग की चैंपियन टीमें हिस्सा लेंगी। इस टूर्नामेंट को लेकर बातचीत जारी है और इसे पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं के लिए भी आयोजित किया जाएगा।
T20I वर्ल्ड कप के बाद अब एक और टी20 टूर्नामेंट की तैयारी शुरू हो गई है, लेकिन इसमें भारत और पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर अभी कोई स्पष्टता नहीं है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के सीईओ रिचर्ड गोल्ड ने बताया है कि टी20 क्रिकेट को और विस्तार देने के उद्देश्य से वर्ल्ड क्लब चैंपियनशिप की शुरुआत की जा सकती है। इस टूर्नामेंट में दुनियाभर की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी लीग्स की विजेता टीमें हिस्सा लेंगी।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले ऐसा ही एक टूर्नामेंट ‘चैंपियंस लीग टी20’ के नाम से हुआ करता था, जो शुरुआत में सफल रहा लेकिन बाद में बंद कर दिया गया।
ईसीबी इस पहल को लेकर आशावादी
रिचर्ड गोल्ड ने कहा कि इस योजना पर गंभीर चर्चा हो रही है और उन्हें पूरा भरोसा है कि भविष्य में वर्ल्ड क्लब चैंपियनशिप ज़रूर आयोजित की जाएगी। खास बात यह होगी कि यह टूर्नामेंट न सिर्फ पुरुषों के लिए, बल्कि महिला क्रिकेटरों के लिए भी होगा। उन्होंने कहा कि हमारा अगला बड़ा कदम यही होने वाला है।
चैंपियंस लीग टी20 को लेकर कम रहा दर्शकों का रुझान
चैंपियंस लीग टी20 टूर्नामेंट 2009 से 2014 तक आयोजित हुआ था, जिसे बीसीसीआई, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने मिलकर आयोजित किया था। हालांकि छह संस्करणों के बाद इसे बंद करना पड़ा, क्योंकि आयोजकों को लगा कि दर्शकों में इस टूर्नामेंट को लेकर अपेक्षित उत्साह नहीं था।
भारतीय फ्रेंचाइज़ियों की वर्ल्ड क्लब चैंपियनशिप को लेकर रुचि
वर्ल्ड क्लब चैंपियनशिप को लेकर कई लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। खासकर भारतीय फ्रेंचाइज़ियां भी इसमें रुचि दिखा रही हैं। आईपीएल की 10 में से 8 टीमों और महिला प्रीमियर लीग की 5 में से 4 फ्रेंचाइज़ियों ने इस संभावित टूर्नामेंट को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने पिछले महीने ईएसपीएनक्रिकइंफो को बताया था कि अगर इस टूर्नामेंट से क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलती है, तो वे भी इसका हिस्सा बनना चाहेंगे।
ग्लोबल सुपर लीग का उदाहरण
पिछले साल गुयाना में ग्लोबल सुपर लीग का आयोजन हुआ था, जिसमें पांच अलग-अलग लीग की टीमों ने भाग लिया। अब इस लीग का दूसरा संस्करण जुलाई में खेला जाएगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग, न्यूजीलैंड की सुपर स्मैश और यूएई की आईएलटी20 लीग की चैंपियन टीमें आमंत्रित की गई हैं। फिलहाल इन्हीं तीन टीमों को बुलाया गया है, और अब सभी की नजर इस पर है कि इस बार कौन-कौन सी टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।