Homebound ऑस्कर नॉमिनेशन से बाहर, करण जौहर और विशाल जेठवा ने जताया गर्व। फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
करण जौहर की प्रोड्यूस की गई फिल्म ‘होमबाउंड’ ऑस्कर 2026 के फाइनल नॉमिनेशन में जगह नहीं बना पाई। फिल्म पहले बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट हुई थी, लेकिन 22 जनवरी को घोषित ऑस्कर नॉमिनेशन में इसका नाम नहीं आया। इस खबर के बाद फिल्म के प्रोड्यूसर करण जौहर और एक्टर विशाल जेठवा ने सोशल मीडिया और मीडिया इंटरव्यू में प्रतिक्रिया दी।
करण जौहर ने जताया गर्व
करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “गर्व। लव यू नीरज घायवान इस जर्नी का हिस्सा बनाने के लिए।” इस पोस्ट पर फिल्म के डायरेक्टर नीरज घायवान ने भी प्रतिक्रिया दी और लिखा, “थैंक्यू करण जौहर। आप बहुत मजबूत सहारा रहे। आपके बिना हम यहां तक नहीं पहुंच सकते थे।”

शॉर्टलिस्टिंग भी बड़ी उपलब्धि
‘होमबाउंड’ ऑस्कर की रेस से बाहर हो गई, लेकिन शॉर्टलिस्ट होना अपने आप में सम्मान की बात है। फिल्म ने ग्लोबली भारत का प्रतिनिधित्व किया। ब्राजील की The Secret Agent, फ्रांस की It Was Just an Accident, नॉर्वे की Sentiment Value, स्पेन की Sirat और ट्यूनिशिया की The Voice of Hind इस कैटेगरी में नॉमिनेट हुई हैं।
also read: विशाल भारद्वाज ने शाहिद कपूर संग अनबन की अफवाहों पर तोड़ी…
विशाल जेठवा ने किया रिएक्शन
एक्टर विशाल जेठवा ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, “भले ही फिल्म नॉमिनेशन में न पहुंची, लेकिन शॉर्टलिस्ट होना ही सम्मान की बात है। ग्लोबली इंडिया का प्रतिनिधित्व करना बहुत स्पेशल अनुभव है। मैं आभारी हूं कि मैं इस फिल्म का हिस्सा रहा।” उन्होंने आगे कहा, “हमने उम्मीद कम रखी थी, लेकिन जब उम्मीद जगी थी तो थोड़ा निराश भी हुआ। जिसने भी फिल्म देखी, उसने इसे पसंद किया। कहानी मजबूत और प्रभावशाली है। ये हमारे लिए एक उपलब्धि है।”
फिल्म की कहानी और कलाकार
‘होमबाउंड’ को नीरज घायवान ने डायरेक्ट किया है और इसमें ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर लीड रोल में हैं। फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। कहानी में बचपन के दोस्त शोएब और चंदन की दोस्ती और उनके सफर को दिखाया गया है।
