UP WEATHER : पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में तेज बारिश और आंधी-तूफान जारी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में अगले 4 से 5 दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून के आने से लगातार बारिश हो रही है। वहीं, उत्तर-पश्चिमी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो रही है। दिल्ली और आसपास के राज्यों में पिछले तीन दिनों से मौसम में परिवर्तन हुआ है, जिसमें धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में आए बदलाव ने लोगों को तेज गर्मी से राहत दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य उत्तर भारतीय राज्यों में मानसून से पहले ही बारिश होने लगी है, जिससे गर्मी में कुछ हद तक आराम मिला है।
मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। खासकर दो और तीन जून को तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर राज्यों में तीन जून तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। दो जून को सब हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में 1 जून को, असम और मेघालय में 1 से 3 जून के बीच, और मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 1 और 2 जून को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा में 1 से 4 जून तक हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 1 से 5 जून के बीच बारिश, आंधी और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।