DELHI WEATHER : दिल्ली में सोमवार को जहां दिनभर तेज धूप रही, वहीं शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और अंधेरा छा गया। इसके बाद राजधानी के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कुछ इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
दिल्ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश का असर दिखा। मौसम विभाग ने दिल्ली में आगामी 6 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल मानसून उत्तर भारत पर पूरी तरह मेहरबान है, और उत्तर प्रदेश, बिहार सहित कई राज्यों में जोरदार बारिश हो रही है।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल:
15 जुलाई को राजस्थान के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 से 20 जुलाई तक तेज बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में भी 15 से 17 जुलाई के बीच बारिश का अनुमान है। अगले सप्ताह पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होती रहेगी।
पूर्वी भारत की बात करें तो 15 जुलाई को पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में वर्षा की संभावना है, वहीं बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, अंडमान-निकोबार, सिक्किम में 15 से 18 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। बिहार में तो बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।
दक्षिण और पश्चिम भारत का हाल:
कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, और गुजरात के कुछ इलाकों में 15 जुलाई को बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में अगले 7 दिन गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। 15-16 जुलाई को असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की चेतावनी है।
दक्षिण भारत में भी 14 से 20 जुलाई तक केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में कुछ जगहों पर अच्छी बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 15 से 19 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान दक्षिणी क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, और केरल, लक्षद्वीप, तेलंगाना समेत अन्य इलाकों में भी रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी।