पीसीओएस सिर्फ ओवरी की बीमारी नहीं, इसका असर त्वचा और बालों पर भी होता है। जानिए पीसीओएस के लक्षण, कारण और सही इलाज।
पीसीओएस (पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम) केवल एक ओवरी से जुड़ी बीमारी नहीं है, बल्कि यह शरीर में हार्मोनल असंतुलन की एक जटिल स्थिति है। इसका असर न केवल प्रजनन क्षमता पर पड़ता है, बल्कि यह त्वचा और बालों पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। मुंहासे (एक्ने), चेहरे पर अनचाहे बाल, और बालों का पतला होना पीसीओएस के आम लक्षण हैं। कई महिलाएं इन समस्याओं को सिर्फ कॉस्मेटिक समझकर अनदेखा कर देती हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि ये लक्षण शरीर में गहरे हार्मोनल और मेटाबॉलिक असंतुलन का संकेत हो सकते हैं।
त्वचा और बालों पर दिखते हैं ये पीसीओएस के लक्षण
पीसीओएस से प्रभावित लगभग 70% महिलाओं को चेहरे पर बार-बार मुंहासे होते हैं और अनचाहे बाल उगने लगते हैं। इसके अलावा बालों का झड़ना और पतला होना भी इसके प्रमुख संकेत हैं। कई महिलाओं में इन्सुलिन रेजिस्टेंस की समस्या भी देखी जाती है, जो इस स्थिति को और जटिल बना देती है। एक्सपर्ट बताते हैं कि इन लक्षणों को केवल बाहरी समस्या मानना गलत है क्योंकि जब तक हार्मोनल असंतुलन का सही उपचार नहीं किया जाता, तब तक ये समस्याएं लंबे समय तक बनी रहती हैं।
also read: हल्दी पानी के फायदे और नुकसान: सोने से पहले पीना है…
महिलाएं अक्सर लक्षणों को नजरअंदाज करती हैं
कई बार महिलाएं बार-बार आने वाले पिंपल्स, वजन बढ़ना, अनियमित माहवारी या बाल झड़ने जैसे लक्षणों को सामान्य समझकर टाल देती हैं। लेकिन ये सभी पीसीओएस के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, पीसीओएस सिर्फ प्रजनन समस्या नहीं, बल्कि महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सामाजिक जीवन पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
पीसीओएस का सही इलाज और देखभाल
पीसीओएस के उपचार में केवल दवाइयां पर्याप्त नहीं होतीं, बल्कि जीवनशैली में बदलाव बेहद जरूरी हैं। हार्मोनल थेरपी, एंटी-एंड्रोजन और इंसुलिन सेंसिटाइजर्स के साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रण, तनाव प्रबंधन और पर्याप्त नींद इस बीमारी को मैनेज करने में मदद करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर का केवल 5 से 10 प्रतिशत वजन कम करने से भी हार्मोनल असंतुलन में सुधार देखा जा सकता है।