दिल्ली में जल्द फिर से शुरू होगी राइड-शेयरिंग और कारपूलिंग, निजी इलेक्ट्रिक वाहनों को भी जोड़ा जाएगा। मंत्री सिरसा ने दी 1 महीने में लागू करने की जानकारी।
नई दिल्ली: दिल्ली में राइड-शेयरिंग सेवा फिर से शुरू होने वाली है, साथ ही कारपूलिंग के लिए भी नई रूपरेखा पेश की जाएगी। यह घोषणा दिल्ली के पर्यावरण एवं वन मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने की। उन्होंने ओला, उबर, रैपिडो और अन्य प्रमुख मोबिलिटी प्लेटफॉर्म्स के साथ बैठक में निजी इलेक्ट्रिक वाहनों को भी प्लेटफॉर्म से जोड़ने के निर्देश दिए। लक्ष्य है कि एक महीने के भीतर राइड-शेयरिंग सुविधा को लागू किया जाए, जिससे सड़कों पर वाहन कम हों और दिल्ली की हवा और भी साफ हो सके।
मंत्री सिरसा की बैठक में हुई महत्वपूर्ण चर्चा
दिल्ली सचिवालय में आयोजित बैठक में मंत्री सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार वाहन प्रदूषण, औद्योगिक प्रदूषण, धूल प्रदूषण और कचरा प्रबंधन जैसे चार मुख्य क्षेत्रों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि साझा और ग्रीन परिवहन को बढ़ावा देने में मोबिलिटी एग्रीगेटर्स की भूमिका अहम है। बैठक में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
राइड-शेयरिंग सेवा पर जोर
बैठक में राइड-शेयरिंग सेवा को तेजी से शुरू करने पर जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या घटेगी और प्रदूषण कम होगा। एग्रीगेटर्स ने बताया कि कुछ तकनीकी और संचालन संबंधी तैयारियां बाकी हैं, जिस पर मंत्री ने परिवहन विभाग को 1 महीने के भीतर पूरी सेवा लागू करने के निर्देश दिए।
also read: नए साल पर दिल्ली सरकार का तोहफा: EWS परिवारों को मिलेगा…
कारपूलिंग को बढ़ावा
मंत्री सिरसा ने कहा कि विशेषकर ऑफिस समय में कारपूलिंग अपनाने से ट्रैफिक और प्रदूषण दोनों में भारी कमी आ सकती है। बैठक में यह तय किया गया कि कारपूलिंग नॉन-कमर्शियल, साझा सफर के रूप में उपलब्ध होगी। एग्रीगेटर्स को सुझाव दिए गए कि वे अपने ऐप में कारपूलिंग फीचर जोड़ें या अलग प्लेटफॉर्म विकसित करें।
निजी इलेक्ट्रिक वाहनों को जोड़ने के निर्देश
मंत्री ने कहा कि निजी रजिस्ट्रेशन वाले इलेक्ट्रिक वाहन बिना किसी अतिरिक्त कमर्शियल फीस, परमिट या लाइसेंस शर्तों के एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म से जुड़े जा सकें। परिवहन विभाग को कानूनी, सुरक्षा और बीमा पहलुओं का अध्ययन कर सुरक्षित ढांचा तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बस और शटल सेवाओं का विस्तार
सिरसा ने कहा कि अधिक लोग निजी वाहन की बजाय साझा बस और शटल सेवाओं का इस्तेमाल करें, खासकर ऑफिस रूट और अधिक भीड़ वाले इलाकों में। इससे प्रदूषण कम होगा और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। साथ ही, ग्रीन राइड विकल्पों और प्रदूषण कम करने वाले फीचर्स को ऐप में शामिल करने के लिए एग्रीगेटर्स को निर्देश दिए गए।
जनता से अपील
मंत्री ने जनता से अपील की, “मैं दिल्ली के हर नागरिक से अनुरोध करता हूं कि वे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, राइड-शेयरिंग और कारपूलिंग अपनाएं और ग्रीन मोबिलिटी का समर्थन करें। आज लिए गए निर्णय से आने वाली पीढ़ियों के लिए साफ और स्वस्थ दिल्ली सुनिश्चित होगी।”