Duleep Trophy 2025 के फाइनल में सेंट्रल जोन ने शानदार खेल दिखाते हुए साउथ जोन को 6 विकेट से मात दी और खिताब अपने नाम कर लिया।
Duleep Trophy ,खिताबी जीत के लिए टीम को सिर्फ 65 रन चाहिए थे, जिसे उसने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत में यश राठौड़ ने 194 रनों की शानदार पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया, जबकि कप्तान रजत पाटीदार ने एक बार फिर बेहतरीन नेतृत्व का प्रदर्शन किया। IPL में RCB को जीत दिलाने के बाद अब उन्होंने सेंट्रल जोन को दलीप ट्रॉफी चैंपियन बना दिया।
फाइनल का रोमांच
बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में साउथ जोन पहली पारी में केवल 149 रन पर सिमट गया। सेंट्रल जोन की तरफ से स्पिनर सारांश जैन ने 5 और कुमार कार्तिकेय ने 4 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। जवाब में सेंट्रल जोन ने जोरदार बल्लेबाजी की और 511 रन बना डाले। कप्तान रजत पाटीदार (101), यश राठौड़ (194), सारांश जैन (69) और दानिश मालेवार (53) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दूसरी पारी में साउथ जोन ने 426 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया। अंकित शर्मा (99) और आंद्रे सिद्धार्थ (84) की पारियों ने मैच में जान डाली, लेकिन आखिरकार सेंट्रल जोन ने आसानी से 6 विकेट से जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट के स्टार खिलाड़ी
यश राठौड़ को शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि ऑलराउंडर सारांश जैन ने पूरे टूर्नामेंट में 136 रन और 16 विकेट लेकर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब जीता। कप्तान रजत पाटीदार भी पूरे टूर्नामेंट में छाए रहे और 3 मैचों में 382 रन बनाए। यश राठौड़ ने 374 रन ठोके, जबकि दानिश मालेवार ने 352 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।