DELHI NEWS : गाजियाबाद के कौशांबी बस अड्डे से आनंद विहार रेलवे स्टेशन तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) स्काईवॉक का निर्माण करेगा। बताया जा रहा है कि इसकी लंबाई लगभग 380 मीटर होगी। स्काईवॉक बनने के बाद नमो भारत स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे तक यात्रियों की आवाजाही काफी सहज और सुविधाजनक हो जाएगी।
कौशांबी बस अड्डे से आनंद विहार रेलवे स्टेशन तक एक नया स्काईवॉक बनाया जाएगा, जो मौजूदा पीडब्ल्यूडी फुटओवर ब्रिज के समानांतर होगा। इस स्काईवॉक का निर्माण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) द्वारा किया जाएगा और इसकी लंबाई लगभग 380 मीटर होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए स्काईवॉक पर एक ओर एस्केलेटर और दूसरी ओर लिफ्ट लगाई जाएगी ताकि लोग आसानी से चढ़-उतर सकें।
इस स्काईवॉक के निर्माण के बाद नमो भारत स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे तक लोगों की आवाजाही ज्यादा सरल और व्यवस्थित हो जाएगी। यात्रियों को अब एक स्वच्छ और बाधारहित रास्ता मिलेगा। फिलहाल जो फुटओवर ब्रिज है, उसकी हालत बेहद खराब है और पटरी पर बैठे फेरीवालों की वजह से रास्ता अवरुद्ध रहता है। नया स्काईवॉक न सिर्फ इन समस्याओं से राहत देगा, बल्कि यात्रियों को काउंटर पर ही टिकट लेने की सुविधा भी मिलेगी।
नमो भारत स्टेशन से कौशांबी बस अड्डा और आनंद विहार रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को स्काईवॉक से काफी सुविधा मिलेगी। मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने वालों के लिए भी स्काईवॉक पर सीधा रास्ता उपलब्ध होगा। अधिकारियों के अनुसार, इस स्काईवॉक के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। फिलहाल, लोग गाजीपुरी-अप्सरा मार्ग पर बने पुराने फुटओवर ब्रिज के जरिये कौशांबी से आनंद विहार आते-जाते हैं।
फुटओवर ब्रिज पर अतिक्रमण की समस्या
यह फुटओवर ब्रिज गाजियाबाद के कौशांबी बस अड्डे से आनंद विहार के बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और नमो भारत स्टेशन तक जाने का मुख्य रास्ता है, लेकिन इसकी हालत लंबे समय से खराब है। लिफ्ट और एस्केलेटर दोनों ही खराब पड़ी हैं, जिससे यात्रियों को दिक्कत होती है। साथ ही, ब्रिज पर पटरी वालों ने कब्जा कर रखा है, जिससे रास्ता और भी संकरा हो गया है। ऐसे में लोग भारी सामान लेकर इस रास्ते से जाने से बचते हैं।
हालांकि कई बार अतिक्रमण हटाने की शिकायतें की गईं, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ और सुविधाएं बहाल नहीं की गईं। इसी वजह से एनसीआरटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए नया स्काईवॉक बनाने का निर्णय लिया है।