दिल्ली सरकार ने छठ पूजा की तैयारियों के लिए मंत्री कपिल मिश्रा की अध्यक्षता में समिति बनाई। राजधानी के 1000 से अधिक स्थानों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष प्रबंध होगा।
दिल्ली सरकार ने छठ पूजा की तैयारियों को तेज कर दिया है, जो पूर्वांचल के साथ-साथ दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान भी बन चुकी है। सोमवार, 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में छठ पूजा की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया। इस समिति के अध्यक्ष के रूप में मंत्री कपिल मिश्रा को नियुक्त किया गया है।
यह समिति दिल्ली के सभी उपयुक्त स्थानों की पहचान करेगी जहाँ छठ पूजा का आयोजन किया जा सकेगा। साथ ही, स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और चिकित्सा सुविधाओं की निगरानी भी समिति करेगी। इस समिति में चार विधायक भी शामिल हैं — लक्ष्मी नगर से अभय कुमार वर्मा, संगम विहार से चंदन कुमार चौधरी, मटियाला से संदीप सेहरावत, और बादली से दीपक चौधरी। समिति जल्द ही अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी ताकि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो सकें।
छठ पूजा: दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान और एकता का प्रतीक
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, “छठ पूजा अब केवल पूर्वांचलवासियों का पर्व नहीं, बल्कि दिल्ली की भी पहचान बन चुकी है। यह त्योहार हमारी सामूहिक आस्था और एकता का प्रतीक है। पिछली सरकारों ने छठी मैया के भक्तों के साथ अन्याय किया, लेकिन इस बार दिल्ली की छठ पूजा पूरी तरह बदलेगी। हम सुनिश्चित करेंगे कि सभी श्रद्धालुओं को साफ-सुथरे और सुरक्षित माहौल में पूजा करने का अवसर मिले।”
also read: इस्कॉन उद्गार 2025 ने रचा इतिहास, 15,000 युवाओं के साथ…
दिल्ली में 1,000 से अधिक छठ घाट होंगे बनाएंगे
मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि इस बार दिल्ली के लगभग 1,000 से ज्यादा स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन होगा। यमुना के किनारे के अलावा मुनक नहर और कृत्रिम तालाबों को भी पूजा स्थलों के रूप में तैयार किया जा रहा है। सभी संबंधित विभागों को घाटों की सफाई, जल छिड़काव, रोशनी और यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी चिकित्सा केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।
दिल्लीवासियों से अपील- सफाई और अनुशासन बनाए रखें
कपिल मिश्रा ने कहा कि सावन महीने में कांवड़ यात्रा की भव्यता की तरह इस बार छठ पूजा भी शानदार और शांतिपूर्ण रूप से मनाई जाएगी। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे सफाई में सहयोग करें, अनुशासन बनाए रखें और मिलकर इस महापर्व को एकता और श्रद्धा का उत्सव बनाएं।
छठ पूजा का महत्व
छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित चार दिन का प्रमुख त्योहार है, जो बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली में भी बड़े उत्साह से मनाया जाता है। दिल्ली में रहने वाले लाखों पूर्वांचलवासी यमुना के घाटों पर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपनी आस्था व्यक्त करते हैं।