उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की और प्रदेश के सामरिक महत्व व नंदा राजजात यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री से विशेष रूप से यह अनुरोध किया कि एयर फोर्स ऑडिट ब्रांच देहरादून में यथावत संचालित रहे। उन्होंने बताया कि यह ब्रांच लंबे समय से बिना किसी व्यवधान के देहरादून में कार्यरत है और प्रदेश की सीमाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत इसकी उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है। देहरादून चीन और नेपाल से लगी सीमाओं के कारण सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है, जहाँ सेना और सुरक्षा बलों के कई प्रतिष्ठान स्थित हैं।
also read: बनभूलपुरा में फर्जी दस्तावेज का मामला: मुख्यमंत्री पुष्कर…
इसके अलावा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्वालदम-नंदकेसरी-थराली-देवाल-मुन्दोली-वाण मोटर मार्ग के रखरखाव और अनुरक्षण का कार्य भी उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग के पास बनाए रखने का अनुरोध किया। यह मार्ग नंदा देवी राजजात यात्रा का मुख्य रूट है, जिसकी अगली यात्रा 2026 में प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों, त्वरित कार्य निष्पादन और समन्वय की दृष्टि से लोक निर्माण विभाग ही इस मार्ग के रखरखाव के लिए सर्वोत्तम है, जिससे न केवल यात्रा सुचारू होगी बल्कि स्थानीय आवागमन में भी सुविधा रहेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सभी बिंदुओं पर सकारात्मक रूप से विचार करने का आश्वासन दिया।