IND A vs BAN A: एशिया कप राइजिंग स्टार्स के सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश ने टीम इंडिया को 195 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया है। बांग्लादेश की पारी में हबीबुर रहमान ने 65 रन बनाए, जबकि एसएम महरूब ने 18 गेंदों में 48 रनों की तूफानी पारी खेली। यासिर अली ने भी 9 गेंदों में 17 रन जोड़कर टीम को अंतिम स्कोर तक पहुंचाया।
अंतिम 3 ओवरों में बांग्लादेश का धमाल
बांग्लादेश की टीम के लिए एक समय 170 रन बनाना भी मुश्किल लग रहा था, क्योंकि 17वें ओवर तक टीम का स्कोर केवल 133 रन था। लेकिन अंतिम तीन ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने भारी रन लुटाए। 19वें ओवर में नमन धीर ने 28 रन दिए, जिसमें 4 छक्के और 1 चौका शामिल था। वहीं अंतिम ओवर में विजयकुमार वैशाक ने 22 रन गंवाए। इन दो ओवरों में बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने कुल 6 छक्के और 3 चौके जड़े।
also read: आईपीएल 2026: आंद्रे रसेल सबसे महंगे खिलाड़ी बन सकते हैं,…
भारत के गेंदबाजों का प्रदर्शन
भारतीय टीम के लिए गुरजपनीत सिंह ने सर्वाधिक 2 विकेट लिए। हर्ष दुबे, सुयश शर्मा, रमनदीप सिंह और नमन धीर ने एक-एक विकेट चटकाए। बावजूद इसके अंतिम ओवरों में बांग्लादेशी बल्लेबाजों के तूफानी खेल ने टीम इंडिया के लिए मुश्किलें बढ़ा दी। बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने पारी में कुल 15 छक्के और 9 चौके लगाए।
बांग्लादेश की मजबूत शुरुआत
बांग्लादेश ने हबीबुर रहमान और जीशान आलम की 43 रनों की सलामी साझेदारी से पारी की शानदार शुरुआत की। इसके बाद मिडिल ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने स्कोर पर ब्रेक लगाने में कामयाबी हासिल की थी। लेकिन महरूब और यासिर अली की आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को 195 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिलाया।