केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सोशल मीडिया पर जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके जनसेवा के प्रति समर्पण और मेहनत की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि अमित शाह ने भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है और हर भारतीय के सुरक्षित जीवन के लिए उन्होंने उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। उन्होंने अमित शाह के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना भी की।
अमित शाह की राजनीतिक यात्रा और योगदान
अमित शाह का जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में हुआ था। वे एक गुजराती परिवार से ताल्लुक रखते हैं। गृह मंत्री बनने से पहले वे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गुजरात के गृह मंत्री और भाजपा के महासचिव रह चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में वे गांधी नगर से सांसद चुने गए।
also read: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को दिवाली की…
2014 में जब नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया, तब अमित शाह को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया। उनके कुशल नेतृत्व में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 73 सीटें जीतकर शानदार सफलता हासिल की और पार्टी का वोट प्रतिशत 42% तक पहुंचा, जो उनकी रणनीतिक क्षमता का बड़ा उदाहरण है।
PM मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “गृह मंत्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जनसेवा के प्रति उनकी समर्पित भावना और मेहनत ने उन्हें सभी का प्रिय नेता बनाया है। उन्होंने भारत के आंतरिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए बेहतरीन काम किया है। मैं उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।”