पंजाबी सिंगर बी प्राक को जान से मारने की धमकी मिली, 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ाव की आशंका।
पंजाबी सिंगर बी प्राक को हाल ही में जान से मारने की गंभीर धमकी मिलने से म्यूजिक इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार धमकी देने वाले ने 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है और चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के भीतर पैसे नहीं दिए गए तो बी प्राक को “मिट्टी में मिला दिया जाएगा।” इस धमकी के बाद सिंगर और उनके करीबी दोस्त भय और सतर्कता की स्थिति में हैं।
दोस्त के जरिए मिली धमकी
धमकी सीधे बी प्राक को नहीं बल्कि उनके दोस्त और पंजाबी सिंगर दिलनूर बबलू के माध्यम से पहुंची। दिलनूर बबलू मोहाली के सेक्टर 99 की वन राइज सोसाइटी में रहते हैं। धमकी मिलने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पूरी जानकारी अधिकारियों को दी।
also read: क्या धनुष और मृणाल ठाकुर इस वैलेंटाइन डे पर करने वाले हैं…
विदेशी नंबर से कॉल और वॉइस मैसेज
शिकायत में बताया गया कि 5 जनवरी को दोपहर 3:11 बजे दिलनूर के फोन पर एक विदेशी नंबर से दो मिस्ड कॉल आई। अगले दिन दोपहर 2:24 बजे उसी नंबर से कॉल आई, जिसे रिसीव नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें वॉइस मैसेज मिला, जिसमें धमकी देने वाले ने खुद को ‘आरजू बिश्नोई’ बताया और 10 करोड़ रुपये की मांग रखी।
एक हफ्ते का अल्टीमेटम और गंभीर खतरा
वॉइस मैसेज में कहा गया कि पैसे नहीं देने पर बी प्राक और उनके साथियों को गंभीर नुकसान पहुंचाया जाएगा। धमकी में कहा गया, “चाहे किसी भी देश में चले जाएं, अगर हमारे साथ नहीं चले तो मिट्टी में मिला देंगे।” दिलनूर ने बताया कि शोज़ और शूटिंग के दौरान उनकी सुरक्षा खतरे में है और वे घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
View this post on Instagram
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ाव की आशंका
धमकी देने वाले ‘आरजू बिश्नोई’ को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य माना जाता है, जो फिलहाल विदेश में छिपा हुआ है। पुलिस को कॉल के स्क्रीनशॉट और वॉइस रिकॉर्डिंग सौंप दी गई है और सुरक्षा की मांग की गई है। पहले भी कई मामलों में इस गैंग का नाम व्यापारियों और सेलिब्रिटीज को निशाना बनाने के लिए सामने आया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है और आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।