Housefull 5 को लेकर मेकर्स ने फैंस के साथ एक बड़ी खुशखबरी साझा की है। अक्षय कुमार की इस मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि ग्लोबल कलेक्शन 300 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया है। खास बात यह है कि यह उपलब्धि पिछले पांच सालों में अक्षय कुमार की किसी भी फिल्म को नहीं मिल सकी थी।
रितेश देशमुख और अभिषेक बच्चन जैसे सितारों से सजी ‘Housefull 5 ’ ने 6 जून को रिलीज के बाद धीमी शुरुआत की थी, जिससे यह सवाल उठ रहा था कि क्या फिल्म अपना बजट वसूल भी कर पाएगी। लेकिन अब 240 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अपनी लागत निकालने के साथ-साथ मुनाफे की ओर बढ़ रही है। रिलीज के 26वें दिन भी फिल्म ने 26 लाख रुपये की कमाई की है।
प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने एक्स (Twitter) पर पोस्टर शेयर करते हुए दर्शकों को धन्यवाद दिया है और फिल्म की सफलता का श्रेय फैंस के प्यार को दिया है। पोस्टर पर फिल्म के घरेलू और ग्लोबल बॉक्स ऑफिस के आंकड़े भी दर्ज किए गए हैं।
यह फिल्म अक्षय कुमार की पिछली 14 फिल्मों की तुलना में बड़ी कामयाबी है। 2019 में रिलीज हुई ‘गुड न्यूज’ के बाद यह पहली फिल्म है जिसने 300 करोड़ रुपये की वैश्विक कमाई की है। इसके बाद अक्षय की 14 फिल्में आईं, लेकिन कोई भी इस स्तर तक नहीं पहुंच पाई। अब ‘Housefull 5 ’ उनकी लंबे समय बाद बड़ी हिट बनकर उभरी है।
यदि यह रफ्तार बनी रहती है, तो यह फिल्म अक्षय कुमार के करियर में पिछले कुछ सालों की सबसे बड़ी कामयाबी साबित हो सकती है, खासकर तब जब हालिया रिलीज़ ‘स्काई फोर्स’ और ‘केसरी चैप्टर 2’ बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा असर नहीं छोड़ पाईं।