गजनी के आक्रमण के एक हजार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है। यह पर्व भारत की धार्मिक, सांस्कृतिक और आत्मिक शक्ति का प्रतीक माना जाता है। इसी अवसर पर राजधानी दिल्ली में भी विशेष पूजा-अर्चना और कार्यक्रम आयोजित किए गए।
दिल्ली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने भगवान आशुतोष शंकर का विधिवत दूधाभिषेक किया और इसके पश्चात हनुमान मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना कर देश और समाज की मंगलकामना की।
इस धार्मिक कार्यक्रम में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री महेंद्र पांडेय, दिल्ली बीजेपी जिलाध्यक्ष रविन्द्र चौधरी और मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल भी उपस्थित रहे।
also read: दिल्ली में ‘हर बूंद हो स्वच्छ’ अभियान का असर: विधानसभा…
वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि देशभर के मंदिरों में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। दिल्ली के स्थानीय मंदिरों में लगभग एक लाख कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और अपनी आस्था व्यक्त की।
सचदेवा ने इस अवसर पर कहा कि सोमनाथ मंदिर पर विदेशी आक्रमणों की हजार वर्षों की संघर्ष गाथा हमारी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं की मजबूती को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर वह पवित्र स्थल है जहाँ सागर भी भगवान शिव के चरण धोता है।
उन्होंने यह भी बताया कि पूरे वर्ष 2026 को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य यह संदेश देना है कि बार-बार आक्रमणों के बावजूद हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक शक्ति अमिट है और इसे कोई समाप्त नहीं कर सकता।