टीवी के चर्चित शो ‘CID 2’ में पुराने कलाकार वापस आ रहे हैं। खबर है कि इंस्पेक्टर श्रेया की भूमिका निभाने वाली जानवी छेड़ा फिर से टीम का हिस्सा बनने जा रही हैं। जानवी ने 7 साल पहले एक्टिंग से ब्रेक लिया था, जो उनका ‘CID’ में आखिरी काम था। उनके फैंस उनकी वापसी को लेकर काफी उत्साहित हैं।
सोनी टीवी का क्राइम थ्रिलर शो ‘सीआईडी’ ने 1998 से 2018 तक कुल 20 सालों तक दर्शकों का दिल जीता। दर्शकों के गहरे प्रेम के चलते, यह शो 6 साल के अंतराल के बाद 2024 में फिर से टीवी पर लौटा। अब इसके दूसरे सीजन में एक पुराने किरदार की वापसी होने जा रही है। शिवाजी साटम, आदित्य श्रीवास्तव, दयानंद शेट्टी, नरेंद्र गुप्ता और ऋषिकेश पांडे के साथ, एक्ट्रेस जानवी छेड़ा भी ‘सीआईडी 2’ में नजर आएंगी। जानवी ने पहले सीजन में इंस्पेक्टर श्रेया की भूमिका निभाई थी। 7 साल की दूरी के बाद जानवी अब अपनी दूसरी पारी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अपनी वैनिटी वैन से शेयर किए गए पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि वह नई शुरुआत कर रही हैं, या कहें कि जहां से उन्होंने छोड़ा था, वहीं से वापस लौट रही हैं। पहले सीजन में इंस्पेक्टर श्रेया और दया की केमिस्ट्री को फैंस ने बेहद पसंद किया था। पिछले सीजन के अंत में श्रेया की शादी दिखाकर मेकर्स ने कहानी को आगे बढ़ाया था। अब दर्शक उत्सुक हैं कि ‘सीआईडी’ के नए सीजन में श्रेया और दया की कहानी किस दिशा में जाएगी।
जानवी छेड़ा, जो कई टीवी सीरियल्स में काम कर चुकी हैं, अब ‘सीआईडी 2’ में वापस आ रही हैं। उन्होंने 2007 में टीवी सीरियल ‘छूना है आसमान’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद ‘बालिका वधू’ में ‘सुगना’ और ‘सीआईडी’ में इंस्पेक्टर श्रेया के रोल से वह घर-घर में लोकप्रिय हुईं। मुंबई के गुजराती परिवार से ताल्लुक रखने वाली जानवी ने गुजराती फिल्मों और टीवी शो में भी काम किया है, लेकिन हिंदी टीवी में उन्हें असली पहचान ‘छूना है आसमान’ से मिली।
जानवी ने 2011 में अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड निशांत गोपालिया से शादी की और 2017 में उनकी बेटी नीरवी का जन्म हुआ। परिवार और बेटी की देखभाल के कारण उन्होंने एक्टिंग से 7 साल का ब्रेक लिया था। अब वह फिर से एक्टिंग में वापसी कर रही हैं, जिसकी खबर से उनके फैंस बहुत उत्साहित हैं।