Akhilesh Yadav ने आज लोकसभा में भाषण दिया और महाकुंभ भगदड़ के मुद्दे पर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने यह सवाल उठाया कि योगी सरकार ने हादसे में मारे गए लोगों की संख्या क्यों छिपाई?
संसद के बजट सत्र के चौथे दिन आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा हो रही है। इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख Akhilesh Yadav ने भाषण दिया, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से कई सवाल किए। उन्होंने महाकुंभ में हुई भगदड़ और उसमें हुई मौतों पर योगी सरकार को घेरा। Akhilesh Yadav ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में अब इंजन भी आपस में टकराने लगे हैं। उन्होंने पिछले साल उत्तर प्रदेश में हुए ट्रेन हादसों और सुबह फतेहपुर में हुई मालगाड़ी दुर्घटना का जिक्र करते हुए योगी सरकार और भाजपा पर यह तंज कसा।
Akhilesh Yadav ने कहा कि महाकुंभ हादसे में हुई मौतों के आंकड़े, घायलों का इलाज, दवाएं, डॉक्टर, भोजन, पानी की उपलब्धता और परिवहन सुविधाओं को संसद में पेश किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाकुंभ त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए और जिन्होंने सच्चाई को छुपाया है, उन्हें दंडित किया जाना चाहिए।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख Akhilesh Yadav ने लोकसभा में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हादसे में हुई मौतों पर कोई शोक व्यक्त नहीं किया। जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने शोक व्यक्त किया, तब 17 घंटे बाद प्रदेश सरकार ने मौतों का सच स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि यह वही लोग हैं जो आज भी सच्चाई को स्वीकार नहीं कर सकते।