राजस्थान: राज्य युवा महोत्सव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं को रोजगार और अवसर सृजन की दिशा में प्रेरित किया। सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ युवाओं को नौकरी देना नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसे कौशल और संसाधन उपलब्ध कराना है, जिससे वे स्वयं रोजगार देने वाले बन सकें।
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा हमारे राष्ट्र की नींव हैं। सरकार ने 2026 के लिए एक साल का सरकारी नौकरी कैलेंडर जारी किया है, जिसमें समय पर परीक्षाएं आयोजित कर युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब तक 351 परीक्षाएं बिना किसी रुकावट के सफलतापूर्वक संपन्न करवाई गई हैं।
भाजपा सरकार के प्रयासों की चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि खेल और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने इंटर यूनिवर्सिटी खेलो इंडिया कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि संसाधनों की कमी किसी खिलाड़ी की प्रगति में बाधक नहीं बनेगी।
सीएम ने युवाओं को नई भाषाएँ सीखने और स्टार्टअप्स के माध्यम से राजस्थान को विकसित राज्य बनाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने युवाओं को धोखा दिया, लेकिन वर्तमान सरकार हर प्रयास में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखते हुए युवाओं के विश्वास पर खरी उतरी है।
भजनलाल शर्मा ने यह भी कहा कि राज्य युवा महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अवसर, प्रोत्साहन और दिशा प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य के बल पर राजस्थान और देश की प्रगति में योगदान दे सकें।