IND vs NZ के बीच होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। लेकिन अगर इस मुकाबले में बारिश होती है तो इसका क्या असर पड़ेगा? आइए आपको विस्तार से बताते हैं।
IND vs NZ : दुबई का इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के लिए पूरी तरह तैयार हो रहा है। 9 मार्च को इसी मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। इससे पहले दोनों टीमें इसी टूर्नामेंट में आमने-सामने आ चुकी हैं, जहां भारत ने जीत दर्ज की थी। हालांकि, मौजूदा फॉर्म को देखते हुए न्यूजीलैंड को हराना आसान नहीं होगा।
इस बीच एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि अगर फाइनल के दिन बारिश होती है तो क्या होगा? फाइनल मुकाबले में संभावित स्थिति क्या हो सकती है और इसको लेकर आईसीसी ने क्या प्रावधान किए हैं? आइए, इस बारे में आपको विस्तार से जानकारी देते हैं।
रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया अब तक चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अजेय रही है। भारत ने लीग चरण में अपने तीनों मैच जीते और फिर सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने अब तक सिर्फ भारत के खिलाफ एक मैच गंवाया है, जिससे फाइनल मुकाबले के रोमांचक होने की पूरी संभावना है।
अब सवाल यह है कि अगर बारिश होती है तो क्या होगा?, 9 मार्च को दुबई में बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन अगर अप्रत्याशित रूप से बारिश होती है और मैच पूरा नहीं हो पाता, तो आईसीसी ने इसके लिए रिजर्व डे का प्रावधान किया है। यानी अगर 9 मार्च को मैच नहीं खेला जा सका, तो इसे 10 मार्च को कराया जाएगा। आईसीसी ने हाल ही में अपने नियमों में बदलाव किया है—अगर 9 मार्च को खेल शुरू होता है लेकिन बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाता, तो 10 मार्च को मैच वहीं से नहीं बल्कि दोबारा शुरू होगा, जिससे दोनों टीमों को समान अवसर मिल सके।
2002 में बारिश के कारण नहीं हो सका था फाइनल
2002 की चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और श्रीलंका फाइनल में पहुंचे थे, लेकिन लगातार दो दिनों तक बारिश के कारण मैच नहीं हो सका। उस समय के नियमों के अनुसार, आईसीसी ने दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया था। इस बार भी अगर फाइनल पूरा नहीं हो पाया, तो दोनों टीमों को ज्वाइंट विनर घोषित कर दिया जाएगा। आईसीसी का स्पष्ट नियम है कि फाइनल पूरा होना चाहिए, और पूर्व के प्रदर्शन के आधार पर कोई फैसला नहीं लिया जाएगा।
25 साल बाद फिर आमने-सामने होंगे भारत और न्यूजीलैंड
भारत और न्यूजीलैंड अब तक वनडे में 119 बार आमने-सामने आ चुके हैं, जिसमें 61 मैच भारत ने और 50 न्यूजीलैंड ने जीते हैं। सात मुकाबले बेनतीजा रहे हैं, जबकि एक मैच ड्रॉ हुआ है। भारत का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है। इससे पहले 2000 में भी चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था, जिसमें न्यूजीलैंड ने जीत हासिल की थी। अब 25 साल बाद एक बार फिर दोनों टीमें चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में भिड़ने के लिए तैयार हैं।