आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष Saurabh Bhardwaj ने एक बार फिर दिल्ली सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि डी-सिल्टिंग कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है और दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशों की भी अवहेलना की गई है। Saurabh Bhardwaj के मुताबिक, 8 अप्रैल 2024 को हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था कि डी-सिल्टिंग कार्यों का स्वतंत्र थर्ड पार्टी ऑडिट कराया जाए, जो सरकार के लिए अनिवार्य था। बावजूद इसके, बीजेपी सरकार ने इस आदेश को नजरअंदाज कर दिया।
पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार ने कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप थर्ड पार्टी ऑडिट कराया है? अगर हां, तो उसकी रिपोर्ट क्यों नहीं सार्वजनिक की गई? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डी-सिल्टिंग कार्यों में सिर्फ कागजों पर काम दिखाया गया है, जबकि धरातल पर कुछ नहीं किया गया। उन्होंने हाल ही की बारिश के बाद दिल्ली में हुए जलभराव को इसका सबूत बताया।
Saurabh Bhardwaj ने आरोप लगाया कि इस बार भी सरकार ने करोड़ों खर्च करने का दावा किया, लेकिन नतीजे वही पुराने रहे। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस पर सवाल उठाया तो सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला, उल्टा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पलटकर पूछा कि जब आपकी सरकार थी तब आपने ऑडिट क्यों नहीं कराया?
इसके जवाब में भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने उस वक्त के मुख्य सचिव नरेश कुमार को कई बार पत्र लिखे थे और डी-सिल्टिंग की प्रगति रिपोर्ट व थर्ड पार्टी ऑडिट की मांग की थी। उन्होंने प्रेस के सामने एक वीडियो भी प्रस्तुत किया जिसमें वह अधिकारियों के साथ मीटिंग में यही सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर ऑडिट नहीं कराया गया क्योंकि यदि जांच होती, तो भ्रष्टाचार सामने आ जाता और कई बड़े अधिकारी फंस सकते थे। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मांग की कि यह जांच कराई जाए कि ऑडिट क्यों नहीं हुआ। साथ ही, उन्होंने एसीबी जांच की मांग की और कहा कि अगर सरकार कार्रवाई नहीं करती, तो यह साफ हो जाएगा कि बीजेपी सरकार भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है।