Sanam Teri Kasam : हर्षवर्धन राणे की फिल्म एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। अब इस फिल्म को अमिताभ बच्चन का समर्थन भी मिल गया है। उन्होंने फिल्म के लिए सभी को शुभकामनाएं दी हैं।
वेलेंटाइन वीक के मौके पर ‘Sanam Teri Kasam’ दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज हुई और इस बार दर्शकों से पहले से ज्यादा प्यार मिला। हर्षवर्धन राणे और पाकिस्तानी एक्ट्रेस मावरा होकेन की यह फिल्म पहली बार 2016 में आई थी, लेकिन तब यह बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं रही और सिर्फ 9 करोड़ रुपये की कमाई कर पाई थी। हालांकि, री-रिलीज के बाद फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अब दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने भी फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
अमिताभ बच्चन ने ‘Sanam Teri Kasam’ की री-रिलीज पर शुभकामनाएं दीं। शनिवार को उन्होंने फिल्म का एक पोस्टर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “इस री-रिलीज के लिए सभी को शुभकामनाएं।” फैंस भी कमेंट सेक्शन में फिल्म की खूब तारीफ कर रहे हैं।
‘Sanam Teri Kasam’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
री-रिलीज के बाद ‘Sanam Teri Kasam’ ने पहले दिन 5.14 करोड़ रुपये कमाए। दूसरे दिन कलेक्शन बढ़कर 6.22 करोड़ रुपये हुआ, जबकि तीसरे दिन यह 7.21 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। चौथे दिन 3.52 करोड़ रुपये, पांचवें दिन 3.07 करोड़ रुपये, छठे दिन 2.80 करोड़ रुपये, सातवें दिन 2.04 करोड़ रुपये और आठवें दिन 1.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 31.10 करोड़ रुपये हो चुका है।
ओटीटी पर भी देखें फिल्म
अगर आप ‘Sanam Teri Kasam’ को सिनेमाघरों में देखने से चूक गए हैं, तो इसे अमेज़न प्राइम वीडियो और जियो सिनेमा पर भी देखा जा सकता है। वहीं, फिल्म के दूसरे पार्ट की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है, जिसे लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है।