Samsung भारत में हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की तैयारी में है। PLI स्कीम और लोकल सप्लाई चेन के जरिए कंपनी बढ़ा रही निवेश और उत्पादन क्षमता।
Samsung India: दक्षिण कोरियाई टेक दिग्गज Samsung भारत को अपने बड़े टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग बेस के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। कंपनी ने मोबाइल फोन डिस्प्ले जैसे महत्वपूर्ण कंपोनेंट्स के निर्माण के लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम के तहत आवेदन किया है। इसके अलावा, Samsung ने स्मार्टफोन PLI प्रोग्राम में मिली मंजूरी को बढ़ाने की मांग भी की है, ताकि भारत में मैन्युफैक्चरिंग फोकस और मजबूत हो सके।
भारत से चिप सोर्सिंग पर Samsung का रुख
The Economic Times की रिपोर्ट के अनुसार, Samsung के साउथवेस्ट एशिया क्षेत्र के प्रेसिडेंट और सीईओ जेबी पार्क ने कहा कि अगर कीमतें प्रतिस्पर्धी रही तो कंपनी भारत से सेमीकंडक्टर चिप्स की खरीद करने के लिए तैयार है। इससे भारत ग्लोबल सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। हालांकि फिलहाल Samsung के पास वियतनाम जैसी देशों में मैन्युफैक्चरिंग क्षमता है और उसे भारत में शिफ्ट करने का तत्काल कोई इरादा नहीं है।
नोएडा फैक्ट्री पर रहेगा फोकस
Samsung की भारत की सबसे बड़ी फैक्ट्री नोएडा में है। कंपनी का कहना है कि भविष्य में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता की जरूरत पड़ी तो उसका विस्तार भारत में ही होगा। जेबी पार्क के मुताबिक, पहले से किए गए निवेशों से उत्पादन क्षमता हटाना सही नहीं होगा, लेकिन नई जरूरतों के लिए नोएडा में निवेश करना स्वाभाविक विकल्प है।
Apple से बढ़ती टक्कर
भारत में प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में Samsung को Apple से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। Apple ने जियो-पॉलिटिकल और अमेरिकी दबाव के चलते चीन से कुछ मैन्युफैक्चरिंग भारत शिफ्ट की है। Samsung का मुख्य मैन्युफैक्चरिंग बेस अभी भी वियतनाम है, जो अमेरिका के लिए चीन की तरह संवेदनशील नहीं माना जाता। जेबी पार्क ने कहा कि युवाओं में iPhone की लोकप्रियता बढ़ी है, लेकिन यह ट्रेंड समय के साथ स्थिर हो सकता है।
also read: Gmail छोड़कर Zoho Mail की ओर क्यों बढ़ रहा है रुझान?…
Android बाजार में Samsung की मजबूत पकड़
Samsung का मानना है कि भारत में Android स्मार्टफोन बाजार में उसकी स्थिति मजबूत बनी हुई है। कंपनी के अनुसार, भारत के लगभग 90% स्मार्टफोन यूजर्स Android प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं, जिससे Samsung की पकड़ मजबूत बनी रहती है।
PLI स्कीम से बढ़ा एक्सपोर्ट और रेवेन्यू
Samsung ने भारत में अपने एक्सपोर्ट-आधारित विकास का श्रेय सरकार की PLI स्कीम को दिया है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की भारत से होने वाली कुल आय का लगभग 42% हिस्सा एक्सपोर्ट से आया। इस दौरान Samsung का रेवेन्यू पिछले साल की तुलना में 37% बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया। भारत से भेजे जाने वाले प्रोडक्ट्स में कंपनी के फ्लैगशिप स्मार्टफोन भी शामिल हैं।
PLI 2.0 से जुड़ी उम्मीदें
स्मार्टफोन PLI स्कीम की अवधि मार्च में समाप्त हो चुकी है, जिसमें Samsung को पांच साल में चार साल तक इंसेंटिव मिला। कोविड-19 के कारण एक साल का लाभ नहीं मिल सका। अब कंपनी सरकार से PLI स्कीम 2.0 के विस्तार की मंजूरी की प्रतीक्षा कर रही है और अधिकारियों से बातचीत कर रही है।
लोकल मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन पर जोर
Samsung नोएडा प्लांट में स्मार्टफोन डिस्प्ले असेंबली के विस्तार की योजना पर काम कर रहा है। कंपनी भारतीय वेंडर्स से ज्यादा से ज्यादा कंपोनेंट्स खरीदने के लिए तैयार है ताकि लोकल वैल्यू एडिशन बढ़ाया जा सके। Samsung का मानना है कि जैसे-जैसे टेक्नोलॉजी और गुणवत्ता के मानक पूरे होंगे, भारत का सप्लाई इकोसिस्टम हर साल और मजबूत होता जाएगा।