RCB ने IPL 2025 सीजन में अन्य टीमों के मैदान पर शानदार खेल दिखाते हुए कई ऐतिहासिक जीतें हासिल की हैं। लेकिन जब बात अपने घरेलू मैदान की आती है, तो टीम को लगातार निराशा हाथ लगी है। यह सिलसिला कई वर्षों से जारी है और अब इसके चलते एक नया रिकॉर्ड भी टीम के नाम दर्ज हो गया है।
IPL 2025 में RCB का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। नए कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम ने बाहर के मैदानों पर लगातार तीन मुकाबलों में जीत हासिल की, लेकिन घरेलू मैदान पर खेले गए दोनों मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने भी एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बेंगलुरु को बड़ी शिकस्त दी। इसके साथ ही बेंगलुरु ने एक निराशाजनक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया—वह एक ही मैदान पर सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीम बन गई है।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सिर्फ 163 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने शुरुआती झटकों के बावजूद 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया। दिल्ली की जीत में अहम भूमिका निभाई लोकल स्टार केएल राहुल ने, जिन्होंने नाबाद 93 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
एक मैदान पर सबसे ज्यादा हार का रिकॉर्ड
यह इस सीजन में बेंगलुरु की घरेलू मैदान पर लगातार दूसरी हार थी। इससे पहले गुजरात टाइटंस ने भी उसे एकतरफा शिकस्त दी थी। इस हार के साथ ही बेंगलुरु को चिन्नास्वामी स्टेडियम में कुल 45वीं बार हार का सामना करना पड़ा—जो किसी भी टीम द्वारा एक ही मैदान पर सबसे ज्यादा हार का रिकॉर्ड है। दिलचस्प बात यह है कि इस मैच से पहले दिल्ली और बेंगलुरु दोनों 44-44 हार के साथ इस सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर थे, लेकिन अब दिल्ली ने बेंगलुरु को हराकर खुद को इस शर्मनाक रिकॉर्ड से बचा लिया है।
क्या दिल्ली बदल पाएगी अपना पुराना रिकॉर्ड?
बेंगलुरु को इस सीजन में चिन्नास्वामी स्टेडियम पर अभी 5 और मुकाबले खेलने हैं, ऐसे में उसकी घरेलू हारों की संख्या और बढ़ सकती है। दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स भी एक बार फिर इस रेस में शामिल हो सकती है, क्योंकि उसने अब तक आईपीएल 2025 में अपने घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम पर एक भी मैच नहीं खेला है। दिल्ली को भी अपने घर में 5 मैच खेलने हैं। हालांकि, मौजूदा शानदार फॉर्म को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि दिल्ली को अपने घरेलू मैदान पर हार का सामना करना पड़ेगा। अब तक उसने सीजन के सभी चार मैचों में जीत दर्ज की है। दिल्ली का पहला घरेलू मुकाबला 13 अप्रैल, रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा।