दिल्ली की CM Rekha Gupta ने सुनहरी पुल नाले की सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि राजधानी को जलभराव मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। साथ ही, मानसून से पहले नाले से गाद हटाने का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और CM Rekha Gupta ने सुनहरी पुल नाले की सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान एलजी ने संबंधित विभागों को नाले की सफाई के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं, CM Rekha Gupta ने कहा कि अधिकारियों को मानसून से पहले गाद हटाने का कार्य पूरा करने के आदेश दिए गए हैं।
CM Rekha Gupta ने नाले की स्थिति और सफाई कार्य की समीक्षा की। इसके बाद प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “यह हमारा दूसरा दौरा है। जब इस नाले का निर्माण हुआ था, तब भविष्य में इसकी सफाई व्यवस्था की सही योजना नहीं बनाई गई थी। मानसून के दौरान नाले जाम हो जाते थे, जिससे आसपास जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती थी। आज हम इस चुनौती का समाधान निकालने के लिए यहां हैं।”
मानसून से पहले नालों की सफाई का लक्ष्य
CM Rekha Gupta ने बताया कि उन्नत मशीनों की मदद से वर्षों से जमी गाद को हटाने का कार्य किया जा रहा है। इस सफाई अभियान में एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, एनडीएमसी, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड भी शामिल हैं। मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी मानसून में जलभराव की समस्या न हो।