केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में बनने वाले नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन की तारीख का ऐलान कर दिया है। उन्होंने बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 30 अक्टूबर 2025 को किया जाएगा। उद्घाटन के लगभग 45 दिनों के भीतर उड़ान संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
नोएडा एयरपोर्ट: यूपी को दीपावली के बाद बड़ा तोहफा
यह नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में स्थित है, जो दिल्ली से लगभग 75 किलोमीटर दूर है। यह एनसीआर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा, जो इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाद इस क्षेत्र में सेवाएं प्रदान करेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उद्घाटन को और जल्दी करने की कोशिश की जा रही है ताकि जल्द ही यह सेवा शुरू हो सके।
also read: PM Modi Birthday: क्यों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को करना…
एयरलाइंस और यात्री सेवाओं की तैयारी
केंद्रीय मंत्री नायडू ने बताया कि जेवर हवाई अड्डे से कम से कम 10 प्रमुख शहरों को जोड़ा जाएगा। एयरलाइंस इस हवाई अड्डे से परिचालन करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस हवाई अड्डे का मुख्य महत्व कार्गो संचालन में होगा, जिससे वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
निर्माण कार्य की स्थिति और भविष्य की योजना
रिपोर्ट्स के मुताबिक नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लगभग 90% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह एयरपोर्ट उत्तर भारत के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में से एक होगा और इसके संचालन से पूरे एनसीआर क्षेत्र को सीधे लाभ मिलेगा। यह परियोजना उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जा रही है।
उद्योग जगत और यात्रियों को नोएडा एयरपोर्ट के चालू होने का बेसब्री से इंतजार है, जो क्षेत्र की आर्थिक और यातायात संभावनाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।