NDMC बजट 2026-27: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 विजन के अनुरूप नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने बजट 2026-27 पेश किया, जिसकी राशि 5,953.07 करोड़ रुपये है। एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने “विकास भी, विरासत भी” की सोच पर आधारित इस बजट का विवरण परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया। बजट में राजधानी के विकास, विरासत संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, शिक्षा, स्वच्छता और तकनीकी नवाचार को प्राथमिकता दी गई है।
बैठक की अध्यक्षता दिल्ली सरकार के मंत्री और नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रवेश वर्मा ने की। नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल और अन्य परिषद सदस्य भी मौजूद रहे।
AI और शिक्षा में बड़ा बदलाव
एनडीएमसी बजट 2026-27 में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए इनोवेशन फंड की स्थापना की गई। कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि अब तक 300 छात्रों को एआई में प्रशिक्षित किया जा चुका है। होमी लैब के सहयोग से छात्रों को एआई की बुनियादी जानकारी और 15 से अधिक एआई टूल्स का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। 2026 से “AI for All” कार्यक्रम को कक्षा 7 से 12 तक विस्तारित किया जाएगा।
नवयुग स्कूल होंगे मॉडल स्कूल
नवयुग स्कूल, पंडारा रोड और सरोजिनी नगर को सिटी मॉडल स्कूल में बदलने का निर्णय लिया गया है। डिजिटल आईटी सिस्टम के जरिए ऑनलाइन एडमिशन और छात्रों की पूरी शैक्षणिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
डस्ट-फ्री NDMC और 24×7 सफाई
डस्ट-फ्री एनडीएमसी अभियान के तहत मशीनों से सफाई की जा रही है। पेड़ों की धुलाई, मिस्ट स्प्रे और एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल किया जा रहा है। खान मार्केट, कनॉट प्लेस और सरोजिनी नगर में नाइट क्लीनिंग पायलट प्रोजेक्ट भी शुरू किया गया।
2,000 से अधिक CCTV कैमरे
सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली पुलिस की मदद से CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। अब तक 82 कैमरे ICCC से जुड़े और आने वाले समय में 2,000 से अधिक कैमरे लगाए जाएंगे। सभी सार्वजनिक शौचालय आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाए जाएंगे।
also read: दिल्ली विधानसभा में हंगामा, मंत्री प्रवेश वर्मा ने नेता…
हरित ऊर्जा और जल संरक्षण
एनडीएमसी 2028 तक 100% नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्य की दिशा में काम कर रही है। भारती नगर में एसटीपी के माध्यम से हाइड्रोजन और बिजली उत्पादन किया जा रहा है। स्मार्ट सिंचाई प्रणाली के जरिए जल संरक्षण किया जा रहा है, जो इस साल 11 सड़कों पर लागू की गई और 2026-27 में 13 सड़कों व तीन बड़े पार्कों में विस्तार किया जाएगा।
वित्तीय सहायता और बजट आंकड़े
एससी और एसटी कर्मचारियों की सहायता राशि 50,000 रुपये से बढ़ाकर 75,000 रुपये कर दी गई। संपत्ति कर में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कुल प्राप्तियां 5,953.07 करोड़ रुपये और कुल खर्च 5,810.02 करोड़ रुपये अनुमानित है। राजस्व खर्च 4,866.18 करोड़ और पूंजीगत खर्च 943.84 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।
शहरी विकास पर जोर
नई दिल्ली के शहरी विकास के लिए 2026-27 में 556 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। यह बजट राजधानी को आधुनिक, समावेशी, हरित और भविष्य के लिए तैयार शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।