मुख्यमंत्री नायब सिंह ने हिसार के नलवा में 22 करोड़ की तीन नई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मंगाली, पनिहार और आजाद नगर के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क विकास की घोषणाएँ।
हिसार के नलवा हलके में मुख्यमंत्री नायब सिंह ने धन्यवाद जनसभा को संबोधित किया और नलवा क्षेत्र के लिए बड़े विकास कार्यों की घोषणा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 22 करोड़ रुपए की तीन नई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को त्योहारों की शुभकामनाएं दी और कहा कि नॉनस्टॉप सरकार तीसरी बार प्रदेश में बनी है। उन्होंने जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई और कहा कि नलवा के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
22 करोड़ रुपए की तीन नई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव में किए गए 217 संकल्पों में से 48 को पहले ही पूरा किया जा चुका है। नलवा में किए जा रहे विकास कार्यों में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमरूद प्रसंस्करण और पैकिंग प्लांट, तथा 800 मेगावाट का नया पावर थर्मल प्लांट शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को फसल खराबी का मुआवजा सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाया जा रहा है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हर चौथे महीने 20 लाख किसानों के खाते में ₹6,000 भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा, प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल की खरीद और सबसे अधिक गन्ने का भाव सुनिश्चित किया गया है।
also read: हरियाणा में नए जिलों के गठन की तैयारी, 31 दिसंबर 2025 तक…
वृद्धावस्था पेंशन और युवाओं के रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने बुजुर्गों की पेंशन में ₹200 की बढ़ोतरी का उल्लेख किया, जो देश में सबसे अधिक है। कौशल रोजगार निगम के माध्यम से युवाओं की नियुक्तियों को सुरक्षित किया गया है। बेटियों और बहनों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा देने के लिए लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत की गई।
मंगाली व अन्य गांवों के लिए विशेष घोषणाएँ
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने मंगाली गांव को महाग्राम योजना में शामिल करने, पनिहार गांव में एक सब-हेल्थ सेंटर खोलने और आजाद नगर के प्राइमरी स्कूल को हाई स्कूल तक अपग्रेड करने की घोषणा की। इसके अलावा, नलवा हलके की सड़कों के नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए बजट देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने नलवा विधानसभा में पूर्व सीएम चौधरी भजन लाल के नाम पर एक करोड़ रुपये की प्रवेश द्वार निर्माण की योजना और मंगाली को सब तहसील बनाने, आदमपुर को मंडल बनाने का प्रस्ताव स्वीकार करने का आश्वासन दिया।
स्थानीय मांगों पर भी दिया जवाब
नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने मंच से अस्पताल और हेल्थ सेंटर बनाने, तथा भिवानी के सिवानी को हिसार में शामिल करने की मांग रखी। सीएम ने कहा कि यह प्रस्ताव सरकार पूरी तरह से पूरा करने का काम करेगी।