उत्तर प्रदेश में 76वां जिला बनने जा रहा है, प्रस्तावित नाम “कल्याण सिंह नगर”। अलीगढ़ और बुलंदशहर के हिस्सों से बनेगा नया जिला, योगी सरकार ने शुरू की तैयारियाँ।
अलीगढ़ और बुलंदशहर के कुछ हिस्सों को मिलाकर उत्तर प्रदेश का 76वां जिला बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्तावित नए जिले का नाम बीजेपी के दिवंगत नेता और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने इसके लिए प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नए जिले का केंद्र बिंदु अतरौली हो सकता है, जो अलीगढ़ और बुलंदशहर दोनों जिलों के बीच स्थित है। इससे प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में आसानी होगी। प्रस्तावित जिले में अलीगढ़ की अतरौली और गंगीरी तहसील तथा बुलंदशहर की डिबाई तहसील शामिल की जा सकती हैं।
also read: चंदौली में छठ पूजा के लिए जा रहे 3 श्रद्धालुओं की सड़क…
पूर्व सांसद और कल्याण सिंह के पुत्र राजू भैया की सिफारिश पर इस मामले को गंभीरता से लिया गया। राजस्व परिषद के आयुक्त ने अलीगढ़ और बुलंदशहर के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर सीमा क्षेत्रों की समीक्षा और नए जिले के गठन की संभावनाओं की रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक सुविधा, सड़क और बुनियादी ढांचे समेत अन्य मानकों का अध्ययन किया जाएगा।
अतरौली नगर को नए जिले का केंद्र बनाना इसलिए भी उचित माना जा रहा है क्योंकि यह क्षेत्र शिक्षा, व्यापार और राजनीतिक दृष्टि से विकसित है। मढौली गांव, जो स्व. कल्याण सिंह की जन्मभूमि है, को मुख्यालय से जोड़कर जिले का विकास और प्रभाव बढ़ाया जा सकता है।
डीएम संजय रंजन ने बताया कि शासन से खाका तैयार करने के बाद इसे भेजा जाएगा और अंततः नए जिले के गठन की आधिकारिक मुहर लगाई जाएगी। नए जिले से न सिर्फ प्रशासनिक सुविधा बढ़ेगी, बल्कि स्वर्गीय कल्याण सिंह के योगदान को भी स्थायी सम्मान मिलेगा।