राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन IPL 2025 में निराशाजनक रहा है। लेकिन इससे भी गंभीर बात यह है कि टीम पर मैच फिक्सिंग के आरोप लगे हैं। अब इस मामले में बीसीसीआई के एक अधिकारी ने प्रतिक्रिया दी है।
राजस्थान रॉयल्स के दो मुकाबले काफी चौंकाने वाले रहे। टीम ने दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ ऐसे दो मैच हारे, जिन्हें वो आसानी से जीत सकती थी। खासतौर पर लखनऊ से मिली 2 रन की हार के बाद राजस्थान रॉयल्स पर मैच फिक्सिंग के गंभीर आरोप लगाए गए। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एड-हॉक कमेटी के संयोजक जयदीप बिहानी ने दावा किया कि यह मुकाबला फिक्स था। हालांकि, अब इस पूरे मामले में बीसीसीआई की प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें बोर्ड ने फिक्सिंग के आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद करार दिया है।
मैच फिक्सिंग के आरोपों पर बीसीसीआई की प्रतिक्रिया क्या रही?
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा कि मैच फिक्सिंग जैसा कुछ भी नहीं हुआ है। अधिकारी ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “आरसीए में जल्द चुनाव होने वाले हैं, और सुर्खियों में आने के लिए इस तरह के बेबुनियाद बयान दिए जा रहे हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट हर मैच पर कड़ी नजर रखती है और ये आरोप पूरी तरह गलत हैं। यह प्रतिक्रिया तब आई जब राजस्थान रॉयल्स ने जयदीप बिहानी के खिलाफ लिखित शिकायत बीसीसीआई को सौंपी।
राजस्थान रॉयल्स की हालत बेहद खराब
IPL 2025 राजस्थान रॉयल्स के लिए एक बुरे सपने जैसा साबित हो रहा है। टीम ने अब तक 8 में से 6 मैच गंवा दिए हैं, जिनमें दो मुकाबले तो ऐसे थे जहां वे जीत के करीब थे लेकिन फिर भी हार गए। चेन्नई और पंजाब के खिलाफ जीत के बाद वापसी की उम्मीद जगी थी, मगर इसके बाद टीम तीन मैच लगातार हार गई। आरसीबी ने 9 विकेट से हराया, दिल्ली कैपिटल्स ने सुपर ओवर में शिकस्त दी, और फिर लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ राजस्थान महज 2 रन से हार गई, जबकि आखिरी ओवर में उन्हें सिर्फ 9 रन चाहिए थे।