Indian Women’s Kabaddi Team ने एशियन महिला कबड्डी चैंपियनशिप 2025 का खिताब जीत लिया है। 8 मार्च को खेले गए फाइनल में भारत ने मेज़बान ईरान को 32-25 से हराकर इस प्रतियोगिता में अपना पांचवां खिताब हासिल किया। आठ साल के अंतराल के बाद इस टूर्नामेंट का छठा संस्करण 6 से 8 मार्च तक ईरान की राजधानी तेहरान में आयोजित हुआ। इससे पहले यह चैंपियनशिप 2017 में हुई थी, जिसमें भारत ने फाइनल में साउथ कोरिया को हराकर खिताब जीता था।
अब तक हुए छह संस्करणों में से भारत ने पांच बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है, जबकि केवल एक बार—2016 में—साउथ कोरिया विजेता रहा था। इस बार की जीत के साथ भारत ने एक बार फिर टूर्नामेंट में अपनी बादशाहत साबित की है।
पूरे टूर्नामेंट में भारत का शानदार प्रदर्शन
Indian Women’s Kabaddi Team, चैंपियनशिप 2025 में कुल सात टीमों ने भाग लिया। ग्रुप ए में भारत, थाईलैंड, बांग्लादेश और मलेशिया शामिल थे, जबकि ग्रुप बी में ईरान, ईराक और नेपाल की टीमें थीं। टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरी तरह से दबदेदार रहा। ग्रुप चरण में भारत ने अपने सभी तीन मैचों में जीत दर्ज की।
Indian Women’s Kabaddi Team ने सबसे ज़्यादा 213 पॉइंट बनाए और केवल 63 पॉइंट गंवाए, जो किसी भी टीम के मुकाबले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। भारत ने बांग्लादेश को 64-23, थाईलैंड को 76-21 और मलेशिया को 73-19 से बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
ग्रुप ए से भारत के साथ बांग्लादेश ने दो जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि ग्रुप बी से ईरान और नेपाल ने अंतिम चार में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल को 56-18 से हराकर आसानी से फाइनल में जगह बनाई, वहीं ईरान ने बांग्लादेश को 41-18 से मात दी। फाइनल में इन दोनों मजबूत टीमों – भारत और ईरान – के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया
फाइनल में जबरदस्त टक्कर
तीन दिन तक चले इस टूर्नामेंट के फाइनल में 8 मार्च को भारत और ईरान के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाया और मैच काफी रोमांचक बन गया। ईरान ने भारत को कड़ी चुनौती दी, लेकिन आखिरी लम्हों में भारतीय टीम ने बाज़ी मार ली। भारत ने 7 अंकों के मामूली अंतर से 32-25 से जीत दर्ज करते हुए एक बार फिर महिला एशियन कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।