इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में यूथ कांग्रेस के हंगामे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन से भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा प्रभावित हुई और कांग्रेस राष्ट्रहित के बजाय राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता देती है।
दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन ने राजनीतिक बहस को गरमा दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस हंगामे से न केवल कार्यक्रम प्रभावित हुआ, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा।
राजनाथ सिंह का बयान
रक्षा मंत्री ने कहा, “जब पूरा विश्व भारत को AI इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करते हुए देख रहा था, तब कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय आयोजन में व्यवधान पैदा करने का रास्ता चुना। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का अनुचित और शर्मनाक व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है और यह भारत की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करता है।”
also read: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का AI विजन: भविष्य की पीढ़ी के…
उन्होंने आगे कहा, “जब भी भारत वैश्विक मंच पर आगे बढ़ता है, कांग्रेस राष्ट्रहित के बजाय राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता देती दिखाई देती है। देश की जनता अच्छे से समझती है कि कौन भारत को सशक्त बनाने में जुटा है और कौन बार-बार भारत की छवि को प्रभावित करने का प्रयास करता है।”
कांग्रेस पर पीयूष गोयल का हमला
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी इस घटना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “यह कांग्रेस के अहंकार और हताशा का जीता-जागता उदाहरण है। राहुल गांधी और उनके समर्थक सरकार को निशाना बनाने के लिए भारत को अपमानित कर रहे हैं। हालिया ट्रेड डील के बारे में झूठ फैलाकर वे भारत के विकास को रोकने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता AI समिट में प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे 140 करोड़ भारतीयों की वैश्विक छवि प्रभावित हो रही है।”