DELHI NEWS : देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और दिल्ली समेत कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है। राजधानी में लगातार दूसरे दिन झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। आसमान में घने बादलों का डेरा है और एनसीआर के कई इलाकों में रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में आने वाले दिनों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। दिल्ली में भी अगले दो दिनों तक बारिश का अलर्ट दिया गया है। मानसून की सक्रियता के चलते तापमान में गिरावट आई है और वातावरण में नमी बढ़ी है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को दिल्ली में समय से एक दिन पहले दस्तक दी, जबकि पूरे देश में सामान्य तिथि से नौ दिन पहले यह फैल चुका है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि अब मानसून हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे इलाकों तक भी पहुंच चुका है। उत्तर भारत में मानसून काफी मजबूत बना रहेगा और कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है। ओडिशा, झारखंड, हिमाचल और उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में आज और कल मध्यम बारिश की संभावना है।