DELHI NEWS : अगर आप नमो भारत ट्रेन से दिल्ली से मेरठ की यात्रा करते हैं, तो ये जानकारी आपके लिए अहम है। अब यात्रियों को न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशनों पर ट्रेन के लिए पहले से ज्यादा समय तक प्रतीक्षा करनी होगी।
दिल्ली से मेरठ नमो भारत ट्रेन से यात्रा करने वालों के लिए एक जरूरी अपडेट है। अब न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशनों से ट्रेन पहले की तुलना में देरी से चलेगी। पहले जहां हर 15 मिनट में एक ट्रेन मिलती थी, अब इस अंतराल को बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया है। यानी अब एक ट्रेन के रवाना होने के बाद अगली ट्रेन आधे घंटे बाद आएगी। इस बदलाव से दिल्ली से मेरठ यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक इंतजार करना पड़ेगा, जिससे उनकी असुविधा बढ़ सकती है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि रखरखाव कार्य के चलते न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशनों पर नमो भारत ट्रेनों के बीच का समय अंतराल बढ़ाया गया है। यह व्यवस्था अगली सूचना तक लागू रहेगी। हालांकि साहिबाबाद से मेरठ साउथ के बीच ट्रेन सेवाएं पहले की तरह हर 15 मिनट पर मिलती रहेंगी।
गौरतलब है कि न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशनों से नमो भारत सेवा की शुरुआत इसी साल 5 जून को हुई थी। अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन स्टेशनों पर किस तरह का मेंटेनेंस कार्य चल रहा है। इस बदलाव से यात्रियों को निश्चित रूप से असुविधा होगी।
प्रशासन की ओर से यात्रियों को होने वाली परेशानी के लिए खेद व्यक्त किया गया है और जल्द ही सेवाएं सामान्य करने का आश्वासन भी दिया गया है।