DELHI NEWS : आंबेडकर जयंती के मौके पर नोएडा में भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की संभावना जताई गई है। इसे ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने दलित प्रेरणा स्थल के आसपास के रास्तों पर डायवर्जन प्लान लागू किया है। परी चौक, महामाया फ्लाईओवर और सेक्टर 18 जैसे अहम इलाकों में ट्रैफिक को दूसरे रास्तों की ओर मोड़ा जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
सोमवार को आंबेडकर जयंती है, और अगर आप अपने वाहन से नोएडा आने की योजना बना रहे हैं तो यह जानकारी आपके लिए जरूरी है। दलित प्रेरणा स्थल पर होने वाले कार्यक्रमों और शोभायात्रा के कारण नोएडा में ट्रैफिक व्यवस्था काफी प्रभावित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नोएडा पुलिस कमिश्नरेट की ट्रैफिक विंग ने शहर की पांच प्रमुख सड़कों पर डायवर्जन प्लान लागू किया है।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किए गए डायवर्जन प्लान के अनुसार, परी चौक से दिल्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसी स्थिति में परी चौक से आने वाले वाहनों को सेक्टर 94 स्थित चरखा गोल चक्कर से होते हुए कालिंदी कुंज, दिल्ली की ओर मोड़ दिया जाएगा। इसी तरह, महामाया फ्लाईओवर से डीएनडी और चिल्ला की ओर जाने वाले ट्रैफिक को सेक्टर 37 के पास बॉटनिकल गार्डन की ओर जाने वाले लूप से डायवर्ट किया जाएगा।
दलित प्रेरणा स्थल के पास लग सकता है जाम
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यदि महामाया फ्लाईओवर से डीएनडी और चिल्ला की तरफ जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक बढ़ता है, तो दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 2 से सेक्टर 18 की तरफ जाने वाले वाहनों को सेक्टर 18 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन अट्टापीर चौक और रजनीगंधा चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा, जीआईपी सेक्टर 18 अंडरपास से प्रेरणा स्थल की ओर आने वाले वाहनों को फिल्म सिटी फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न लेकर रजनीगंधा चौक की ओर मोड़ा जाएगा।
पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। मयूर विहार या चिल्ला से परी चौक की ओर जाने वाले वाहन अब सेक्टर 15 के रास्ते रजनीगंधा चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। नोएडा पुलिस ने वाहन चालकों को सुझाव दिया है कि वे दलित प्रेरणा स्थल की ओर जाने से बचें और किसी भी समस्या से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।