रणजी ट्रॉफी 2025 में दीपक हुड्डा ने दोहरा शतक जड़ा और राजस्थान को विशाल स्कोर दिलाया। यशस्वी जायसवाल ने मुंबई की पारी में धमाकेदार बल्लेबाजी की। जानें मुंबई बनाम राजस्थान और पुडुचेरी बनाम दिल्ली मुकाबलों की पूरी अपडेट।
रणजी ट्रॉफी 2025: रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी मैच के तीसरे दिन मुंबई और राजस्थान के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। राजस्थान के दीपक हुड्डा ने दोहरा शतक जड़कर अपनी टीम को बड़ा स्कोर दिलाया, वहीं यशस्वी जायसवाल ने मुंबई की दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों की जमकर धुलाई की।
दीपक हुड्डा का धमाका
राजस्थान की टीम ने मुंबई के खिलाफ पहली पारी में 6 विकेट पर 617 रन बनाए और दीपक हुड्डा की 248 रन की पारी के दम पर बड़ी बढ़त हासिल की। हुड्डा ने 335 गेंद खेली और मुंबई को चुनौती देने के लिए शानदार शुरुआत की। इसके अलावा, कार्तिक शर्मा ने भी 139 रन बनाकर टीम का स्कोर और मजबूत किया।
also read: महिला वर्ल्ड कप 2025: शेफाली वर्मा ने प्रतिका रावल की जगह…
यशस्वी जायसवाल का शानदार प्रदर्शन
मुंबई की ओर से यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में बिना विकेट खोए 56 रन बनाए, जबकि मुशीर खान 32 रन के साथ खेल रहे थे। मुंबई फिलहाल राजस्थान से 274 रन से पीछे है। यशस्वी ने इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर भी कमाल का प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 10 पारियों में 411 रन, 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाए थे।
दिल्ली बनाम पुडुचेरी का मुकाबला
इसी तरह नयी दिल्ली में पुडुचेरी ने दिल्ली के 294 रन के जवाब में 481 रन बनाकर पहली पारी में बढ़त हासिल की। पुडुचेरी की ओर से अजय रोहेरा ने 151 रन, जयंत यादव ने 71 रन और अमन खान ने 66 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में रखा।
दूसरी पारी में दिल्ली ने बिना विकेट खोए 76 रन बना लिए हैं। अर्पित राणा 40 और सनत सांगवान 24 रन बनाकर खेल रहे हैं। फिलहाल दिल्ली पुडुचेरी से 111 रन से पीछे है।