कानपुर की मूक-बधिर लड़की खुशी गुप्ता से मिलीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने। मुख्यमंत्री ने खुशी के इलाज और पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी उठाई और परिवार को मदद का भरोसा दिया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर की 20 वर्षीय मूक-बधिर लड़की खुशी गुप्ता और उसके परिवार से बुधवार को मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने खुशी के इलाज और पढ़ाई-लिखाई की पूरी जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया।
खुशी ने अपने हाथों से बनाई हुई सीएम योगी की तस्वीर लेकर उनसे मिलने का मन बनाया था। सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने खुशी और उसके परिवार को बुलाकर उन्हें मिलने का अवसर प्रदान किया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात और परिवार को आश्वासन
खुशी अपने घर से लखनऊ आई थी, लेकिन पहले हजरतगंज पुलिस ने उसे घर वापस भेज दिया। इस बीच खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीएम को निर्देश दिए कि खुशी और उसके परिवार को सुरक्षित तरीके से लखनऊ बुलाया जाए।
also read: यूपी में पंचायत चुनाव से पहले BJP ने 14 नए जिलाध्यक्षों…
वहीं मुलाकात में मुख्यमंत्री ने खुशी के पिता कल्लू गुप्ता और मां गीता गुप्ता से उनके हालात और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खुशी अब उनका परिवार है और वह उसे अपनी बेटी की तरह मानते हैं।
इलाज, पढ़ाई और आवास की पूरी व्यवस्था
सीएम योगी ने खुशी के इलाज और शिक्षा की पूरी व्यवस्था करने का भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि परिवार को जल्द आवास उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि अब उन्हें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और खुशी अपने पैरों पर खड़ी हो सकेगी।
खुशी के पिता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके परिवार को पहले नाश्ता कराया और फिर पूरी मुलाकात में सम्मानपूर्वक उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने मुख्यमंत्री के व्यवहार की प्रशंसा की और कहा कि योगी जी ने उनका पूरा सहयोग करने का वादा किया।