सिंगापुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: पहले दिन 6,650 करोड़ के तीन MoU, 21 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

सिंगापुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: पहले दिन 6,650 करोड़ के तीन MoU, 21 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

सिंगापुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6,650 करोड़ के तीन MoU किए, ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और डेटा सेंटर में निवेश से 21 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सिंगापुर दौरे के पहले दिन ही बड़ी सफलता हासिल की। उन्होंने प्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों और वैश्विक निवेश के प्रति उत्तर प्रदेश की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

इस दौरे के दौरान यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने कुल 6,650 करोड़ रुपये के तीन अहम समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए। ये निवेश मुख्य रूप से ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में होंगे। इन परियोजनाओं से लगभग 21,000 युवाओं को रोजगार सृजन होगा। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को प्रदेश की नीतिगत स्थिरता, बेहतर कनेक्टिविटी और विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे के बारे में अवगत कराया और लखनऊ में डेटा सेंटर स्थापना के लिए आमंत्रित किया।

अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित ग्रुप हाउसिंग परियोजना

पहली परियोजना यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में जेवर एयरपोर्ट के पास 100 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित टाउनशिप विकसित करने की है। इस परियोजना में 3,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 12,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। परियोजना 2027 में शुरू होने की योजना है। यह टाउनशिप जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास विकसित हो रहे शहरी क्षेत्र को नई पहचान देगी।

कानपुर-लखनऊ हाईवे पर लॉजिस्टिक्स पार्क

दूसरी परियोजना कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ भूमि में लॉजिस्टिक्स पार्क के विकास की है। इसमें 650 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 7,500 रोजगार सृजित होंगे। यह परियोजना भी 2027 में शुरू की जाएगी और प्रदेश की औद्योगिक एवं निर्यात गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

नोएडा/ग्रेटर नोएडा में हाइपरस्केल डेटा सेंटर

तीसरी परियोजना नोएडा/ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 10 एकड़ भूमि पर 40 मेगावाट क्षमता वाला हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क स्थापित करने की है। इसमें 2,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। इस प्रोजेक्ट को 2028 में शुरू करने की योजना है। यह निवेश उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख डेटा सेंटर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दौरे ने न केवल प्रदेश की निवेश संभावनाओं को उजागर किया बल्कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन और प्रदेश की आर्थिक मजबूती के नए अवसर भी खोले हैं।

Related posts

आम आदमी पार्टी ने सोमनाथ से शुरू की ‘परिवर्तन लाओ, किसान बचाओ यात्रा’, इसुदान गढ़वी और प्रवीण राम ने किसानों के बीच उठाया आवाज़ का झंडा!

तालाला के घुंसिया गांव में “परिवर्तन लाओ, किसान बचाओ यात्रा” की भव्य जनसभा

हरिद्वार कुंभ मेला 2027: केंद्र से 500 करोड़ की पहली किस्त जारी, तैयारियों में आएगी तेजी