जॉस बटलर की जबरदस्त फिफ्टी और लियाम डॉसन की धारदार गेंदबाजी के सामने West Indies की टीम टिक नहीं सकी और चेस्टर ली स्ट्रीट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में उसे 21 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज का 3-0 से सफाया करने के बाद इंग्लैंड ने टी20 सीरीज की भी विजयी शुरुआत की है। पहले टी20 मुकाबले में जॉस बटलर की शानदार फिफ्टी और लियाम डॉसन की घातक गेंदबाजी ने West Indies को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया, जिसके चलते कैरेबियाई टीम को चेस्टर ली स्ट्रीट में 21 रन से हार का सामना करना पड़ा। बटलर सिर्फ 4 रन से शतक चूक गए, लेकिन इंग्लैंड ने अपने जीत के सिलसिले को बरकरार रखा। इससे पहले इंग्लैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को क्लीन स्वीप किया था और अब टी20 में भी बेहतरीन आगाज किया है।
बटलर की लाजवाब बल्लेबाजी
पहले टी20 में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि शुरुआत में उनका यह निर्णय थोड़ा उल्टा पड़ता दिखा जब बेन डकेट दूसरे ही ओवर में आउट हो गए। इसके बाद जॉस बटलर और जैमी स्मिथ ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में तेज़ 79 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
बटलर ने 59 गेंदों पर 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 96 रन बनाए, लेकिन वे अपने शतक से केवल 4 रन दूर रह गए और जोसेफ की गेंद पर आउट हो गए। इसके अलावा, सलामी बल्लेबाज जैमी स्मिथ ने 20 गेंदों में 38 रन और जैकब बेथेल ने 23 गेंदों में 23 रन की पारी खेली। इंग्लैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर कुल 188 रन बनाए। West Indies की तरफ से रोमारियो शेफर्ड ने सबसे अधिक दो विकेट लिए।
West Indies की टीम ने 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत अच्छी की। इविन लुईस और जॉनसन चार्ल्स ने पहले विकेट के लिए 20 गेंदों में 27 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद टीम की बल्लेबाजी गिरावट दिखाने लगी। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते गए और इविन लुईस को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज लंबे समय तक टिक नहीं पाया। टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 167 रन ही बना सकी, जिससे उसे 21 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
इविन लुईस ने 23 गेंदों में 39 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 20 रन खर्च कर 4 विकेट लिए। मैथ्यू पॉट्स और जैकब बेथेल ने दो-दो विकेट लिए। लियाम डॉसन को उनकी शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।