BSNL ने पेश की 5G फिक्स्ड वायरलेस ब्रॉडबैंड सेवा, जानिए कीमत और डिटेल्स

BSNL ने पेश की 5G फिक्स्ड वायरलेस ब्रॉडबैंड सेवा, जानिए कीमत और डिटेल्स

BSNL अपने 4G नेटवर्क को सशक्त करने की योजना पर काम कर रही है, जिसके तहत कंपनी एक लाख नए टावर स्थापित कर सकती है।

सरकारी टेलीकॉम ऑपरेटर भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपनी 5G फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) ब्रॉडबैंड सेवा की शुरुआत कर दी है। यह हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा फिलहाल हैदराबाद, तेलंगाना में उपलब्ध कराई गई है। हाल ही में BSNL ने अपनी 5G सेवा का नाम Quantum 5G रखने की घोषणा की थी।

जहां प्राइवेट कंपनियां जैसे Bharti Airtel और Reliance Jio पहले से ही 5G स्पेक्ट्रम के जरिये फिक्स्ड वायरलेस सेवाएं दे रही हैं, वहीं BSNL ने इस क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। BSNL के चेयरमैन और एमडी, रॉबर्ट जे रवि ने कहा कि Quantum 5G FWA इस बात का प्रमाण है कि भारतीय इंजीनियर वैश्विक स्तर की कनेक्टिविटी तकनीकें विकसित कर सकते हैं। यह BSNL की पहली बिना सिम वाली स्वदेशी तकनीक पर आधारित कस्टमाइज्ड 5G सेवा है, जिसे आगे कई शहरों में उपलब्ध कराया जाएगा और तकनीकी सुविधाओं में भी इजाफा किया जाएगा।

 शुरुआती चरण में BSNL दो प्लान पेश कर रहा है —

  • 100 Mbps स्पीड के लिए ₹999 प्रति माह

  • 300 Mbps स्पीड के लिए ₹1,499 प्रति माह

इस सेवा में ग्राहक के परिसर के बाहर एक विशेष मॉडेम लगाया जाता है, जो निकटतम बेस स्टेशन से वायरलेस सिग्नल प्राप्त करता है। यह तकनीक ऑप्टिकल फाइबर के बिना भी ब्रॉडबैंड कनेक्शन मुहैया कराती है।

BSNL अपने 4G नेटवर्क को भी सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रहा है। हाल ही में कंपनी ने एक लाख 4G टावर्स लगाने का काम पूरा किया है, और अब वह एक और 1 लाख अतिरिक्त टावर लगाने की तैयारी कर रही है। केंद्रीय संचार राज्यमंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने बताया कि इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए सरकार से स्वीकृति ली जाएगी। BSNL का लक्ष्य 4G और 5G नेटवर्क दोनों के लिए उपकरणों की संख्या में भी वृद्धि करना है।

देश में जहां प्राइवेट कंपनियों का 5G नेटवर्क पहले से ही व्यापक रूप से फैला हुआ है, वहीं BSNL को भी प्रतिस्पर्धा में बने रहने और राजस्व बढ़ाने के लिए अपनी 5G सेवाएं जल्द शुरू करनी होंगी। इसके साथ ही कंपनी अपने एसेट्स को भी मॉनेटाइज करने की योजना पर विचार कर रही है।

Related posts

Reels पर नहीं आ रहे व्यूज? अपनाएं ये ट्रिक और मिनटों में बनाएं अपनी Reel वायरल

गूगल ने एंड्रॉयड में चुपचाप जोड़े 4 नए फीचर्स, ज्यादातर यूजर्स को नहीं है पता

OPPO K14x 5G सेल शुरू: 6500mAh बैटरी, 50MP कैमरा, MediaTek चिप और 5G फीचर्स के साथ बजट स्मार्टफोन उपलब्ध