दिल्ली में 10 साल से पुरानी गाड़ियों के मामले पर आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने CM Rekha Gupta को पत्र लिखकर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। आतिशी ने अपने पत्र में कहा है कि यह मुद्दा सीधे मिडिल क्लास की जीवनशैली को प्रभावित करता है, जो वर्षों की मेहनत और बचत से वाहन खरीदते हैं।
उन्होंने कहा कि एक नवंबर की डेडलाइन अब भी लोगों के सिर पर तलवार की तरह लटकी है और सरकार को जल्द से जल्द इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम उठाना चाहिए। आतिशी ने यह भी कहा कि 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को सड़कों से हटाने का निर्णय लाखों वाहन मालिकों को प्रभावित करेगा, जिनमें वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और मध्यमवर्गीय परिवार शामिल हैं।
उनके अनुसार, वाहन की उम्र उसकी उपयोगिता और प्रदूषण के स्तर को तय करने का मापदंड नहीं हो सकती। कई पुराने वाहन बेहतर स्थिति में हैं और पर्यावरण के लिए नुकसानदायक नहीं हैं, जबकि कुछ नए वाहन भी प्रदूषण फैला सकते हैं।
आतिशी ने स्पष्ट किया कि इस गंभीर समस्या का समाधान केवल एक नए कानून के जरिए ही संभव है। उन्होंने कहा कि चूंकि एक नवंबर की समयसीमा निकट है, इसलिए भाजपा सरकार को तुरंत विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर इस विषय पर कानून पारित करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम आदमी पार्टी इस प्रक्रिया में सरकार का पूरा सहयोग करेगी और दिल्ली के लोगों को राहत दिलाने के लिए हरसंभव मदद देने को तैयार है।