मुंबई में बीजेपी हेडक्वार्टर के भूमि पूजन के दौरान अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र में बीजेपी किसी बैसाखी पर नहीं चलती। उन्होंने परिवारवाद के खिलाफ स्पष्ट संदेश देते हुए पार्टी की मजबूती और सिद्धांत आधारित नीतियों को रेखांकित किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुंबई दौरे के दौरान महाराष्ट्र बीजेपी ऑफिस के भूमिपूजन समारोह में हिस्सा लिया और कहा कि बीजेपी हर कार्यक्रम को मंदिर की तरह मानती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पार्टी किसी भी निर्णय या नीति में परिवारवाद पर आधारित नहीं है, बल्कि हमेशा सिद्धांत और अपने दम पर आगे बढ़ती है।
महाराष्ट्र में बीजेपी की मजबूती
अमित शाह ने कहा, “1950 से 2025 तक हमारे छोटे और बड़े नेता जानते हैं कि हर कार्यक्रम हमारे लिए मंदिर है। महाराष्ट्र में बीजेपी किसी बैसाखी पर नहीं चलती, बल्कि अपनी ताकत और मेहनत से आगे बढ़ती है। राज्य में बीजेपी मजबूत पार्टी है, इसमें कोई संदेह नहीं है।”
also read: राजनाथ सिंह का बयान: दुनिया में शांति पर अनिश्चितता,…
परिवारवाद को लेकर स्पष्ट संदेश
गृह मंत्री ने परिवारवाद पर टिप्पणी करते हुए कहा कि बीजेपी एकमात्र पार्टी है, जहां बूथ अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब परिवार से उठकर कोई भी बालक प्रधानमंत्री बन सकता है। अमित शाह ने स्पष्ट किया कि परिवारवाद वाली पार्टियों के लिए अब भारत में कोई जगह नहीं है।
ट्रिपल इंजन सरकार और चुनाव रणनीति
अमित शाह ने कहा, “राज्य में डबल इंजन सरकार है, मुझे इससे संतोष नहीं है, मुझे ट्रिपल इंजन सरकार चाहिए। ग्राम पंचायत से लेकर नगरपालिका चुनाव तक बीजेपी को अपना दम दिखाना है। ऑपरेशन सिंदूर और धारा 370 हटाने जैसी नीतियों से हमने देश को संदेश दिया कि भारत के साथ छेड़खानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुछ राज्यों में कॉमन सिविल कोड भी लागू की जा रही है।”
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जमीन विवाद पर दिया जवाब
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “बीजेपी कांच के घर में नहीं रहती। हम केवल अपनी हक की जमीन पर यह मुख्यालय बनाएंगे। जिन लोगों को जमीन हड़पने की आदत है, वे हमसे सवाल न पूछें।”
यह बयान संजय राउत द्वारा भूमि घोटाले के आरोप के जवाब में आया। राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दावा किया था कि बीजेपी कार्यालय की जमीन में कुछ “छिपे रहस्य” हैं।