IPL : 30 मई को मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच मुल्लांपुर, पंजाब में एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम 1 जून को पंजाब किंग्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 में भिड़ेगी, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। लेकिन मैच से पहले यह जानना जरूरी है कि उस दिन मौसम का हाल कैसा रहेगा।
IPL 2025 के प्लेऑफ मुकाबले शुरू हो चुके हैं। 29 मई को क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब 30 मई को मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच मुल्लांपुर, पंजाब में एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है। जो टीम जीतेगी, वह 1 जून को पंजाब किंग्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 खेलेगी, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। लेकिन मैच से पहले जानना जरूरी है कि मौसम कैसा रहेगा। यदि मुल्लांपुर में बारिश हो गई और मैच रद्द हो गया तो किस टीम को क्वालिफायर-2 में जगह मिलेगी?
मौसम की स्थिति कैसी रहेगी?
IPL 2025 के लीग चरण में गुजरात टाइटंस ने अच्छा प्रदर्शन किया, उन्होंने 14 मैचों में से 9 जीते और शुभमन गिल की कप्तानी में 18 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं मुंबई इंडियंस, हार्दिक पंड्या की कप्तानी में खराब शुरुआत के बाद मजबूत वापसी करते हुए 14 में से 8 मैच जीतकर चौथे नंबर पर प्लेऑफ में पहुंचे। अब दोनों टीमें 30 मई को मुल्लांपुर में आमने-सामने होंगी और एलिमिनेटर जीतकर फाइनल की राह पर कदम बढ़ाना चाहेंगी। लेकिन फैंस के लिए सबसे जरूरी है मौसम की जानकारी।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 30 मई को मुल्लांपुर में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। दिन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि शाम को यह 20 डिग्री तक गिर सकता है। वहीं, मौसम वेबसाइट एक्यूवेदर के मुताबिक मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि आसमान में बादल बने रह सकते हैं। यह भी बताया गया है कि मैच से पहले मुल्लांपुर में बारिश हुई थी, लेकिन खेल शुरू होने से पहले मौसम साफ हो गया है।
अगर मैच रद्द हो जाता है तो क्या होगा?
हालांकि मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच मैच में बारिश की संभावना बहुत कम है, लेकिन मौसम हमेशा अनिश्चित रहता है। मैच से पहले मुल्लांपुर में बारिश हो चुकी है। अगर फिर से बारिश होती है और मैच रद्द हो जाता है तो यह मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा झटका होगा। आईपीएल के नियमों के अनुसार, प्लेऑफ मैच रद्द होने पर उस टीम को अगले राउंड में जगह मिलती है जो पॉइंट्स टेबल में ऊपर रहती है। गुजरात टाइटंस तीसरे स्थान पर हैं जबकि मुंबई इंडियंस चौथे नंबर पर। इसलिए मैच रद्द होने की स्थिति में गुजरात टाइटंस सीधे क्वालिफायर-2 में पहुंच जाएगी। ऐसे में मुंबई इंडियंस यह नहीं चाहेगी कि बारिश मैच को प्रभावित करे।